Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Apr 26, 2013 - 18:00:17 PM


Title - सेंट्रल पर बनेगी मल्टीपर्पज बिल्डिंग
Posted by : AllIsWell on Apr 26, 2013 - 18:00:17 PM

कानपुर। सेंट्रल स्टेशन पर जल्द ही एक ही छत के नीचे रिजर्वेशन, जनरल टिकट और खानपान के सामान से लेकर खरीदारी तक भी सुविधा मिलेगी। रेलवे बोर्ड ने सेंट्रल स्टेशन पर 1.25 करोड़ रुपये की मल्टीस्टोरी मल्टीपर्पज बिल्डिंग की मंजूरी देने के साथ ही इसके लिए बीते सप्ताह बजट भी रिलीज कर दिया है। इसके साथ ही गोविंदपुरी स्टेशन के विस्तार पर भी बोर्ड ने मुहर लगा दी है। अब वहां पर मुसाफिर घर बनने के अलावा जनरल टिकट और रिजर्वेशन काउंटर भी दोगुने हो जाएंगे।
रेलवे बोर्ड ने सेंट्रल स्टेशन के दोनों साइड (सिटी और कैंट) के सुंदरीकरण के बाद मल्टीपर्पज बिल्डिंग के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। बिल्डिंग का डिजाइन इस तरह बनाया जा रहा है कि इसके ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग भी हो सके। मल्टीपर्पज बिल्डिंग का निर्माण सिटी साइड में आरक्षण केंद्र और पार्किंग की जगह पर किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा आगरा, इलाहाबाद और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां लगाने की डेडलाइन भी तय कर दी गई है। सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और पांच से इस सुविधा की शुरुआत होगी।

मल्टीपर्पज बिल्डिंग का काम 15 जुलाई के आसपास शुरू कर दिया जाएगा। जून के अंत तक सेंट्रल स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियों का लाभ भी यात्रियों को मिलने लगेगा।
अमित मालवीय, पीआरओ, उत्तर मध्य रेलवे

गोविंदपुरी स्टेशन पर ये सुविधाएं बढ़ेंगी
दो की जगह चार रिजर्वेशन काउंटर
प्लेटफार्म नंबर दो और तीन कवर्ड
मुसाफिर घर और कवर्ड पार्किंग शेड
तीनों प्लेटफार्म पर 60 बेंच लगेंगी
जनरल टिकट के चार काउंटर