Indian Railways News => Topic started by TrustMe on May 13, 2013 - 15:00:13 PM


Title - स्टेशन की बेंच पर हो गया विवाह
Posted by : TrustMe on May 13, 2013 - 15:00:13 PM

प्रतापगढ़। रांग नंबर से शुरू हुई प्रेम कहानी का मुकाम प्रेमिका ने शादी कर पा लिया। कुछ सहेलियों के बीच उसने अपने प्रेमी को वरमाला डाली और मांग में सिंदूर भरवा लिया। हालांकि ससुराल जाने की जिद पूरी नहीं हो सकी।
फैजाबाद के एक युवक और शहर के चौक की एक युवती के बीच रांग नंबर लगने के बाद से बातचीत होने लगी थी। मोबाइल पर ही दोनों का प्यार परवान चढ़ा तो वे एक दूसरे को देखने के लिए भी लालायित हो गए। मौका पाकर युवक प्रतापगढ़ स्टेशन पहुंचा और मुलाकात हुई। जंक्शन पर हुई पहली मुलाकात में दोनों को एक दूसरे की सूरत पसंद आ गई। फिर क्या था, दोनों एक दूसरे से अक्सर स्टेशन पर मुलाकात करने लगे। रविवार को एक बार फिर युवती ने युवक से मिलने की इच्छा जाहिर की और दोनों स्टेशन पर मिले। यह मुलाकात दोनों के लिए खास रहीं। प्रेमिका ने मनुहार कर प्रेमी को तुरंत शादी के लिए राजी कर लिया। हालांकि दोनों के परिवारों से कोई मौजूद नहीं था लेकिन उसकी कुछ सहेलियां इस शादी की गवाह बनीं। स्टेशन की बेंच पर बैठे-बैठे ही दोनों ने एक दूसरे के गले में माला डाली और प्रेमी ने उसकी मांग भर दी। इसके बाद प्रेमिका ने प्रेमी के साथ चलने की जिद शुरू कर दी। प्रेमी ने मना किया तो वह फिर से अनुनय विनय करने लगी। बावजूद इसके वह राजी नहीं हुआ और उसे बाद में ले जाने का वादा किया। साथ चलने की जिद के दौरान आसपास मौजूद वेंडरों को पता तो वे दिलचस्पी लेने लगे। मजमा इकट्ठा हुआ तो दोनों कन्नी काटते हुए निकल गए। इस बाबत जीआरपी एसओ भूपेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि स्टेशन पर ऐसी किसी शादी की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो पता कराया जाएगा।