Indian Railways News => Topic started by RailXpert on May 06, 2013 - 12:00:23 PM


Title - स्टेशन की व्यवस्था सुधारने में जुटे रेलवे अधिकारी
Posted by : RailXpert on May 06, 2013 - 12:00:23 PM

जासंकें, गाजियाबाद : स्टेशन इंप्रूवमेंट टीम के निरीक्षण कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे अधिकारी स्टेशन की व्यवस्थाएं सुधारने में लगे हैं। स्टेशन पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ यात्री सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
गाजियाबाद स्टेशन उत्तर रेलवे के अति व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है। यहां से प्रतिदिन लगभग पौने दो लाख यात्री सफर करते हैं। एनसीआर क्षेत्र के प्रमुख स्टेशन होने के बावजूद यहां पर यात्री सुविधाओं को लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं। फंड की कमी के कारण कई काम सुस्त रफ्तार से चल रहा है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। 7 मई को मुख्यालय से स्टेशन इंप्रूवमेंट की टीम गाजियाबाद स्टेशन का निरीक्षण करने आएगी। टीम स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की स्थिति का पता लगाएगी और स्टेशन पर सुधार के बाबत अधिकारियों को निर्देश देने के साथ ही अपनी रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपेगी। इसी कार्यक्रम को देखते हुए स्टेशन पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को भी दुरुस्त कर दिया गया है। बुकिंग काउंटर पर डिस्पले बोर्ड लगाया गया है। आरक्षण केंद्र और स्टेशन के प्रवेश द्वार पर भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है।