Indian Railways News => Topic started by railgenie on Mar 25, 2013 - 09:00:25 AM


Title - स्टेशनों पर उमड़ी भीड़, व्यवस्था ध्वस्त
Posted by : railgenie on Mar 25, 2013 - 09:00:25 AM

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
होली मनाने के लिए घर जाने की खुशी के
'रंग में सराबोर' लोगों का रंग स्टेशन
पहुंचते ही उतर जा रहा हैं। उन्हें ट्रेन में
चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़
रही है। वहीं स्टेशनों पर उमड़ी भीड़ के
कारण रेलवे की व्यवस्था ध्वस्त
हो रही है। स्टेशन के बाहर
यात्री घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर
हैं।
रेल प्रशासन ने नियमित ट्रेनों के
अलावा दर्जनों विशेष ट्रेनें चलाई हैं,
लेकिन भीड़ के आगे इनकी संख्या भी कम पड़
जा रही है। लोग ट्रेनों में खिड़की के
जरिये चढ़ने के लिए मशक्कत करते नजर आते
हैं। इन्हें ट्रेनों में सुरक्षित चढ़ाने के लिए
आरपीएफ व जीआरपी के जवान भी मौजूद
रहते हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए
प्लेटफार्म पर रस्सियां भी लगाई
होती है। यात्री अनुशासित तरीके से
प्लेटफार्म पर बैठे रहते हैं, लेकिन ट्रेन के
प्लेटफार्म पर लगते ही उनका धैर्य
समाप्त हो जाता है। ट्रेन के डिब्बों के
दरवाजों पर भारी भीड़
इकट्ठी हो जाती है और अंदर जाने के
प्रयास में कई बार लोग एक-दूसरे पर चढ़
जाते हैं। ऐसे में पुलिस बल भी हालात
को नियंत्रित नहीं कर पाता है।
यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त
टिकट काउंटर भी खोले गए हैं, लेकिन भीड़
के सामने वे अपर्याप्त साबित हो रहे हैं।
इसका फायदा टिकट दलाल उठा रहे हैं और
आरक्षित कोच से लेकर अनारक्षित श्रेणी के
टिकटों की बिक्री का इनका गोरखधंधा
चमक रहा है। टिकट दलाल पहले से
ही अनारक्षित श्रेणी के दर्जनों टिकट
कटवा लेते हैं और कतार में खड़े
यात्रियों को आसानी से बेच देते हैं।
वहीं आरक्षित टिकटों की बिक्री में
टिकट दलाल व टिकट बुकिंग क्लर्क के बीच
सांठगांठ की बात खुद रेल प्रशासन
भी स्वीकार करता है।
यात्रियों की भीड़ व टिकट
दलालों की सक्रियता नई दिल्ली,
पुरानी दिल्ली तथा आनंद विहार
स्टेशनों पर अधिक देखने को मिल रही है।
जनसाधारण एक्सप्रेस से पटना जा रहे
रमेश राम, दिवाकर व विकास राय ने
बताया कि टिकट काउंटर पर
इतनी लंबी कतार लगी है कि टिकट लेने के
फेर में ट्रेन छूट जाती। इसलिए हमने 400
रुपये में दलाल से ही टिकट ले लिया।
वहीं वसंत सिंह व निलेश कहते हैं कि विशेष
ट्रेनें दस-बारह घंटे देरी से गंतव्य स्थल तक
पहुंचती है, इसलिए वे नियमित
ट्रेनों को ही प्राथमिकता देते हैं।
वहीं उत्तर रेलवे के जनसंपर्क
अधिकारी अमर सिंह नेगी कहते हैं
कि यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष
ट्रेनें चलाई है, जिनका परिचालन समय पर
होता है। वहीं टिकट दलालों के खिलाफ
अभियान चलाया जा रहा है।