Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 01, 2012 - 12:20:32 PM


Title - अजमेर की रेल सुरक्षा में मिलीं गंभीर खामियां
Posted by : railgenie on Aug 01, 2012 - 12:20:32 PM

उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन मुख्यालय के अधिकारियों के दल की ओर से अजमेर रेलवे स्टेशन के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान संरक्षा और सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां चिह्न्ति की हैं। इसमें ट्रेन हादसों की रोकथाम और हादसे की स्थिति में बचाव व राहत कार्य अपर्याप्त पाए गए।


मुख्यालय ने मंडल प्रशासन से खामियों पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। रेल मंडल के परिचालन विभाग की ओर से इस बारे में रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस रिपोर्ट में जांच दल की ओर से चिह्न्ति बिंदुओं पर स्पष्टीकरण दिया गया है।



प्लेटफार्म, यार्ड, कंट्रोल रूम लोको पायलट व विभागों में मिली अव्यवस्थाएं

उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य संरक्षा अधिकारी आरके गुप्ता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय दल ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर आकस्मिक निरीक्षण कर संरक्षा संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। दल ने रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म, यार्ड, कंट्रोल रूम लोको पायलट और अन्य विभागों में संरक्षा संबंधित व्यवस्थाओं पर असंतोष जताते हुए टिप्पणी की थी। पिछले दिनों भर्ती परीक्षार्थियों की भीड़ के दौरान ट्रेनों की छतों पर बैठे यात्रियों की ब्रिज से टकराने के दो हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के बारे में स्थानीय रेल प्रशासन की ओर से पर्याप्त उपाय नहीं किए जाने को जांच दल ने गंभीर माना।



हादसों के बाद मार्टिडल ब्रिज और अन्य रेलवे ब्रिज पर लाइटें लगाए जाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ। मार्टिडल ब्रिज पर लाइटें तो लगाई गई, लेकिन कुछ ही दिन बाद लाइटें बंद हो गईं। आरपीएफ ने रेलवे प्रशासन को इस बारे में कई बार अवगत कराया गया।




जांच दल ने रेलवे पिट यार्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा में कमी बताई है। इसी तरह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर ट्रेनों के कोच निर्धारित जगहों पर खड़े नहीं होने से यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति पर भी जांच दल ने स्थानीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया।



हादसे की स्थिति में रेलवे स्टेशन पर प्राथमिक उपचार के लिए साधन और इसे उपयोग करने के लिए ट्रेनिंग की जरूरत भी जांच में पाई गई। लोको पायलट का नियमित मेडिकल और नशा संबंधित जांच के बारे में भी मुख्यालय की टीम ने जरूरत बताई है।



मुख्यालय ने मंडल प्रशासन से मांगी सफाई

संरक्षा संबंधित खामियों के बारे में रेल मुख्यालय के संरक्षा विभाग ने रेल मंडल प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा है। इस बारे में मंडल का परिचालन विभाग रिपोर्ट तैयार कर रहा है। रिपोर्ट में चिह्न्ति की गई खामियों के बारे में स्पष्टीकरण दिया जा रहा है।