Indian Railways News => Topic started by messanger on Jul 24, 2012 - 18:18:49 PM


Title - असम में राजधानी एक्सप्रेस पर हमला, चार कोच क्षतिग्रस्त
Posted by : messanger on Jul 24, 2012 - 18:18:49 PM

असम के कोकराझार और चिरांग जिले में मंगलवार को ताजा हिंसा और झड़प होने की खबर है। दंगाइयों ने राजधानी एक्सप्रेस पर भी हमला किया है। इसके चलते उत्‍तर पूर्व की ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। नॉर्थ इस्ट फ्रंटियर रेलवे के सूत्रों ने बताया कि कोकराझार के गोसाईंगंज इलाके में कुछ लोगों ने गुवाहाटी जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव किया, जिससे ट्रेन के चार कोच क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद ट्रेन को पश्चिम बंगाल की सीमा के पास कामाख्यागुड़ी स्टेशन पर रोका गया है। इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

वहीं असम के कोकराझार, चिरांग और ढुबरी जिलो में अब भी छिटपुट हिंसा जारी है। बोगाईंगांव और उदलगिरी जिलों में भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने कोकराझार जिले में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया गया है। शुक्रवार से शुरू हुई जातीय हिंसा में मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। अब तक कोकराझार में 17 और पड़ोसी जिले चिरांग में चार लोगों की जान जा चुकी है।

बोडोलैंड प्रांतीय स्वायत्त जिला (बीटीएडी) के आईजीपी एसएन सिंह ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में भड़की हिंसा के चलते अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाया गया और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी किया गया है। धुबरी और चिरांग के जिला प्रशासन ने हिंसा की घटनाओं को देखते हुए शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। सिंह ने कहा कि अर्द्धसैनिक बलों की नौ अतिरिक्त कंपनियों को जिले में तैनात किया गया है जबकि सेना कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद कर रही है।

जातीय हिंसा से प्रभावित 50,000 लोगों ने 75 राहत शिविरों में शरण ली हैं। शरणार्थियों में अधिकतर कोकराझार जिले के नागरिक हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी आज असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई से बात की और हालात का जायजा लिया। कांग्रेस और भाजपा ने भी मौके का जायजा लेने के लिए अपनी टीम को गोवाहाटी भेज दिया है।