Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jul 05, 2012 - 12:00:50 PM


Title - कांवरियों से पटा पटना जंक्शन*चलने लगी जसीडीह के लिए विशेष ट्रेन
Posted by : puneetmafia on Jul 05, 2012 - 12:00:50 PM

श्रावणी मेला शुरू होते ही पटना जंक्शन बोलबम के नारे से गूंज उठा है। मंगलवार को जंक्शन गेरूआ रंग में रंग गया। ज्यादातर भक्त कांवर लेकर सुलतानगंज जाने के लिए ट्रेन की प्रतीक्षा में नजर आए। हालांकि देवघर जाने वाले भक्तों की संख्या कम दिखी। जंक्शन पर सुल्तानगंज की तरफ की ट्रेनें आते ही कांवरियों से भर जाती थी। हालांकि रेल प्रशासन ने जसीडीह जाने वाले भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की है। रेल अधिकारियों का तर्क है कि देवघर से आने वाले भक्त जसीडीह होते वापस लौटेंगे। राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोग विभिन्न ट्रेनों और बस पर सवार होकर पटना जंक्शन पहुंच रहे हैं। प्लेटफार्म एक का दृश्य देखने लायक था। यहां युवाओं की संख्या सर्वाधिक है। भागलपुर इंटरसिटी के जंक्शन पर आते ही पूरी ट्रेन कांवरियाों से भर गई। भोले बाबा की जयकार लगाते लोग कांवर लिए ट्रेन में प्रवेश कर गये। कांवर भी विभिन्न प्रकार के थे। कई कांवरियां गाना गाते हुये रवाना हुये।

--------------------सुल्तानगंज जाने के लिए हैं कई ट्रेन
मंगलवार को ज्यादातर कांवरियां सुल्तानगंज की तरफ जाते नजर आए। सभी सुल्तानगंज जाने के बाद गंगाजल लेकर पैदल देवघर तक जायेंगे तथा बाबा को जलाभिषेक करेंगे। सुबह 5.20 बजे साहेबगंज इंटरसिटी, 6.30 बजे विक्रमशिला एक्सप्रेस, दोपहर 12.50 बजे दादर-भागलपुर एक्सप्रेस, एक बजे न्यू फरक्का एक्सप्रेस, 2.45 बजे ब्रह्मापुत्र मेल, शाम 4.00 बजे अपर इंडिया, 4.30 बजे भागलपुर इंटरसिटी, रात 9.45 बजे मालदह इंटरसिटी है। इन ट्रेनों से कांवरियां सुल्लतानगंज जा सकते हैं।

------------------

तीन जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच

पटना : श्रावणी मेला के अवसर पर यात्रियों के अतिरिक्त भीड़ को देखते हुये पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने तीन गाड़ियों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला लिया है। चार जुलाई से चार अगस्त तक दानापुर हावड़ा एक्सप्रेस, पटना-हावड़ा जनशताब्दी एवं पटना-रांची जनशताब्दी में एक-एक अतिरिक्त डिब्बा जोड़ा जा रहा है।

--------------------

चलने लगी जसीडीह के लिए विशेष ट्रेन

पटना : श्रावणी मेला शुरू होते ही मंगलवार से पटना से जसीडीह के लिए विशेष ट्रेन चलने लगी। 18 बोगी वाली यह ट्रेन आज रात 11.45 बजे पटना जंक्शन से खुली। प्रथम दिन यह ट्रेन खाली रवाना हुयी। पूरी बोगी खाली थी। यह ट्रेन जसीडीह सुबह 4.45 बजे पहुंचेगी तथा वहां से सुबह 9.15 बजे खुलकर पटना जंक्शन दोपहर 2.50 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन चार अगस्त तक चलेगी।