Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Aug 01, 2012 - 09:00:21 AM


Title - किशनगढ़ में शताब्दी रोज रुकेगी
Posted by : railenquiry on Aug 01, 2012 - 09:00:21 AM

किशनगढ़. शताब्दी एक्सप्रेस बुधवार एक अगस्त से नियमित रुप से किशनगढ रेलवे स्टेशन पर ठहरेगी। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सचिन पायलट व राज्यसभा सांसद डा. प्रभा ठाकुर ने मंगलवार को रेलमंत्री से शताब्दी एक्सप्रेस के किशनगढ़ में स्थाई ठहराव की बात की।रेलमंत्री ने शताब्दी के स्थाई ठहराव के लिए सहमति दी।




किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन, आरके समूह व किशनगढ़ के नागरिक लंबे समय से अजमेर नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस के स्थाई ठहराव की मांग कर रहे थै। रेलवे ने मांग मानते हुए अस्थाई तौर पर एक फरवरी से 31 जुलाई तक तीन माह के लिए शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव कर वाणिज्यिक आधार पर जांच की। 31 जुलाई को शताब्दी एक्सप्रेस की वाणिज्यिक जांच के तीन माह पूर्ण हो गए। रेलवे को इस बार आर्थिक लाभ तो हुआ पर निर्णय की स्थिति न बन पाने के कारण एक अगस्त से ठहराव बंद हो जाता।




आरके समूह के अध्यक्ष अशोक पाटनी व किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश टाक ने इस जानकारी से केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट व राज्य सभा सांसद प्रभा ठाकुर को अवगत कराया। पायलट ने हाथों हाथ रेलमंत्री से मोबाइल पर बात कर वस्तु स्थिति की जानकारी दी और बुधवार से ही शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव नियमित करने की बात कही। रेलमंत्री ने पायलट को आश्वस्त किया कि ठहराव नियमित रहेगा और अधिकारियों को किशनगढ़ में शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव नियमित करने के आदेश दिए। उल्लेखनीय है कि किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन मार्बल उद्योग विकास के लिए लंबे समय से शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग कर रही थी।





इसके लिए कई बार रेलमंत्री सांसद व राज्य सभा सांसद तथा रेलवे के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर इसके नियमित ठहराव की मांग की थी। स्टेशन अधीक्षक मुरलीधर वर्मा ने बताया कि शताब्दी एक्सप्रेस के किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर दो मिनट के स्थाई ठहराव के आदेश प्राप्त हो गए है। शताब्दी एक्सप्रेस प्रति दिन दिल्ली से चलकर किशनगढ़ स्टेशन पर दोपहर के 12.02 मिनट पर आएगी तथा 12.04 मिनट पर अजमेर के लिए प्रस्थान करेंगी। इसी प्रकार अजमेर से शाम को चलकर किशनगढ स्टेशन पर 4.16 मिनट पर आएगी तथा यहां से 4.18 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।