Indian Railways News => Topic started by Mafia on Jul 31, 2012 - 03:00:16 AM


Title - तमिलनाडु एक्सप्रेस में आग लगने से 47 यात्रियों की जल कर मौत
Posted by : Mafia on Jul 31, 2012 - 03:00:16 AM

नेल्लोर: चेन्नई जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस के एक डिब्बे में नेल्लोर के समीप ही आज सुबह शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगने के कारण कम से कम 47 यात्रियों की जल कर मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। नेल्लोर के कलेक्टर श्रीधर ने बताया कि ट्रेन के डिब्बे एस 11 आग लगने से पूरी तरह जल कर नष्ट हो गया और इससे 26 यात्रियों को बचाया गया है। जैसे ही ट्रेन चेन्नई से करीब 150 किमी दूर स्थित नेल्लोर से गुजरी, कुछ लोगों ने उसके एक डिब्बे में आग देख कर रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी।

श्रीधर ने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर बताई जाती है। उन्होंने बताया ‘‘प्रभावित डिब्बे में मरने वालों की संख्या 35 से 40 के आसपास होगी।’’  डिब्बे में 70 सीटें थीं। उन्होंने कहा ‘‘शौचालय के समीप शॉर्ट सर्किट हुआ और ट्रेन 110 किमी प्रति घंटे की गति से जा रही थी। उसे दिल्ली से चेन्नई पहुंचना था।

आग सुबह चार बज कर करीब तीस मिनट पर लगी और तब सभी यात्री सो रहे थे। वह तत्काल बाहर भी नहीं आ सके।’’ श्रीधर ने बताया ‘‘आग तेजी से फैली और इसलिए यात्री एक दरवाजे से नहीं निकल सके। दूसरे दरवाजे का उपयोग करना पड़ा। कुछ लोग बाहर आ गए और अन्य फंस गए।’’ उन्होंने बताया कि शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल है।