Indian Railways News => Topic started by messanger on Jul 31, 2012 - 15:01:17 PM


Title - दीपावली के लिए अभी बुक हो गई ट्रेनें, पूरे नवंबर में गाड़ियां फुल
Posted by : messanger on Jul 31, 2012 - 15:01:17 PM

.दीपावली और त्योहारी सीजन को लेकर तीन महीने पहले ही ट्रेनें बुक हो चुकी है। कई ट्रेनों में तो नो रूम की स्थिति बन गई है। इस बार दीपावली 13 नवंबर की है। ऐसे में दीपावली से पहले घर आने व वापसी के कारण पूरे नवंबर महीने में रेल गाड़ियां बुक है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार रेलवे में 120 दिन पहले टिकट रिजर्वेशन की सुविधा के कारण लोग सीट की परेशानी से बचने के लिए पहले ही टिकट बुक करवाने लगे हैं।

सबसे ज्यादा वेटिंग मुंबई जयपुर, बांद्रा से दिल्ली वाया जयपुर, कोलकत्ता से जयपुर आने वाली गाड़ियों में बनी हुई है। हालात यह है कि एसी कोच नो रूम हो चुके हैं। उल्लेखनीय है शेखावाटी के लोग रोजगार और कारोबार के सिलसिले में मुंबई, कोलकत्ता, असम, बिहार आदि इलाकों में रहते हैं। दीपावली या अन्य त्यौहारों पर ही इन लोगों को घर आना होता है।

गाड़ियों में ये है रिजर्वेशन की स्थिति

गाड़ी संख्या रूट 8 से 12 नवंबर (वेटिंग)

12955 मुंबई से जयपुर 250 से 500

12216 बांद्रा दिल्ली वाया जयपुर 300 वेटिंग

12307 कोलकत्ता से जयपुर एसी 90 वेटिंग

12975 मैसूर से जयपुर 250 वेटिंग

12967 चेन्नई से जयपुर 30 आरएसी

(रेलवे के अनुसार गाड़ियों में बुकिंग की स्थिति)

तत्काल व वीआईपी पर उम्मीद

सामान्य श्रेणी की आरक्षण सुविधा में टिकट नहीं मिल पाने के कारण लोग अब तत्काल कोटे की उम्मीद में है। वहीं कई लोग सामान्य श्रेणी की टिकट को वीआईपी कोटे में कंफर्म करवाने के लिए जोड़ तोड़ करने लगे हैं।

एसी कोच की डिमांड बढ़ी

बारिश नहीं होने का असर सफर करने वालों पर भी साफ नजर आ रहा है। आमतौर पर ट्रेनों के एसी कोच में त्योहारी सीजन के दौरान भी सीट मिल जाती है लेकिन इस बार लंबी दूरी की गाड़ियों के एसी कोच फुल हो चुके हैं। मुंबई से जयपुर, मैसूर से जयपुर सहित कई ट्रेनों के एसी कोच नो रूम हो गए है।