Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Aug 01, 2012 - 15:20:44 PM


Title - पांच ट्रेनें लेट, लोग परेशान* आज नहीं चलेगी बांका इंटरसिटी* एसी भी हो गया डिस्चार्ज* ब्रह्मपुत्र मेल
Posted by : riteshexpert on Aug 01, 2012 - 15:20:44 PM

बिजली संकट का असर रेलवे परिचालन पर भी पड़ा. मंगलवार को भागलपुर आने व जानेवाली ट्रेनों के यात्रियों को खासी परेशानी हुई. स्थिति इतनी विकट हो गयी कि यात्रियों को कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था कि वे करें तो क्या.रेल अधिकारी भी ट्रेनों के परिचालन को लेकर संशय में थे. पूछताछ केंद्र पर भारी भीड़ थी. सब ट्रेन के संबंध में जानना चाह रहे थे. पूछताछ केंद्र के टेलीफोन की घंटी भी लगातार बज रही थी. सब कोई हाल-चाल जानना चाह रहा था.* लौटे विक्रमशिला के यात्री
हैलो! क्या विक्रमशिला एक्सप्रेस आनंद विहार जायेगी. किउल रेलवे स्टेशन पर खड़ी अप विक्रमशिला एक्सप्रेस के यात्री ने शाम चार बजे भागलपुर पूछताछ केंद्र के दूरभाष पर संपर्क साधा. जवाब मिला, कुछ देर और इंतजार कीजिए.अभी कुछ कहा नहीं जा सकता. बता दें कि आनंद विहार जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 11:15 बजे भागलपुर रेलवे स्टेशन से खुली, लेकिन किउल पहुंचने के बाद उसे रोक दिया गया.ट्रेन शाम चार बजे तक रुकी रही. प्रवीण मिश्र विक्रमशिला एक्सप्रेस से आनंद विहार जाने के लिए आरक्षण बोगी में सवार हुए थे. परेशान हो कर उन्होंने भागलपुर के एक अधिकारी को फोन मिला. पूछा क्या वह वापस हो जायें. जवाब नहीं था रेल अधिकारी के पास. एक रेल कर्मचारी भी विक्रमशिला एक्सप्रेस से पटना जा रहा था.वह किउल रेलवे स्टेशन से भागलपुर लौट आया. भागलपुर आने पर उसने बताया कि सभी ट्रैक पर कहीं न कहीं कोई न कोई ट्रेन खड़ी कर दी गयी है. इलेक्ट्रिक से चलने वाली सभी ट्रेनें प्रभावित हो गयी थीं. रेल अधिकारी इस कोशिश में थे कि किसी तरह ट्रेनों में डीजल इंजन लगा कर उसे मंजिल तक पहुंचाया जाये.* दानापुर में खड़ी रही विक्रमशिला अपने निर्धारित समय से सात घंटे विलंब से विक्रमशिला एक्सप्रेस भागलपुर पहुंची. आनंद विहार से आने वाली डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस दानापुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी कर दी गयी थी.इसके भागलपुर पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12:25 बजे है. डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस को दानापुर रेलवे स्टेशन पर सात घंटे रोका गया. ट्रेन से सफर करने वाले यात्री मोहन प्रसाद ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ थे. अत्यधिक परेशानी हुई.* एसी भी हो गया डिस्चार्ज
विक्रमशिला एक्सप्रेस में सफर करने वाले एसी के यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन अच्छा नहीं रहा. ट्रेन के सात घंटे रुक जाने से एसी डिस्चार्ज हो गया. इस रेल खंड की एक मात्र विक्रमशिला एक्सप्रेस ही इलेक्ट्रिक इंजन से चलती है.* ब्रह्मपुत्र मेल का पता नहीं
14056 डाउन गुवाहाटी की ओर जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल किस स्टेशन पर है, समाचार लिखे जाने तक ज्ञात नहीं हो सका था. समाचार लिखे जाने तक ब्रह्मपुत्र मेल किउल नहीं आ पायी थी. पूछताछ केंद्र पर यात्रियों का जमावड़ा लगा था. बता दें कि इसी प्रकार न्यू फरक्का एक्सप्रेस धनौरी रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी. गरीब रथ एक्सप्रेस अभयपुर में चार घंटे खड़ी रही.

* अंधेरे में डूबा रेलवे क्वार्टर
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर बिजली आपूर्ति नहीं किये जाने का असर रेलवे क्वार्टरों पर पड़ा है. मंगलवार की सुबह 11:35 बजे से रेलवे का 250 केवीए का जेन सेट लगातार चल रहा था.

कर्मचारियों के अनुसार आठ घंटे के अंतराल पर जेन सेट को चलाया जा रहा है. रेलवे के पास वर्तमान में दो जेन सेट है. सूत्रों ने बताया कि पेय जल की समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए कोचिंग, ईस्ट कॉलोनी, आरसी पंप व आरएमएस के मोटर पंप को जेन सेट से बिजली आपूर्ति करायी जा रही है.

* आज नहीं चलेगी बांका इंटरसिटी
बुधवार को राजेंद्रनगर-बांका इंटरसिटी एक्सप्रेस अप व डाउन को अपरिहार्य कारणों से रद किया गया है. यह जानकारी रेलवे आधिकारिक सूत्रों ने दी.

* प्रतीक्षालयों में जगह नहीं
यात्रियों से खचाखच भरे रेलवे के सभी प्रतीक्षालयों में मानो तिल रखने लायक जगह नहीं थी. वे कभी बिजली विभाग को तो कभी रेलवे को कोस रहे थे.

* पूछताछ केंद्र पर भीड़
* परेशान लोगों में थी नाराजगी
* अपने परिजनों का हाल ले रहे थे सब