Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Jul 17, 2012 - 21:01:10 PM


Title - स्टेशन पर पानी पिलाने के बदले दे दी ऐसी सजा
Posted by : railenquiry on Jul 17, 2012 - 21:01:10 PM

मौड़ मंडी.रेलवे स्टेशन पर सोमवार को जलसेवा कर रहे संस्थाओं के वर्करों व रेलवे कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। इससे गुस्साए समाजसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया, जिससे फिरोजपुर से दिल्ली व दिल्ली से फिरोजपुर जाने वाली दोनों गाड़ियां 23 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रहीं।

एक स्पेशल रेलगाड़ी से सोमवार को रेल राज्यमंत्री केएच मुनियप्पा, जीएम वीके गुप्ता व डीआरएम अनुराग सोहन के अलावा रेलवे बोर्ड का स्टाफ फाजिल्का रेल लाइन के उद्घाटन के बाद बठिंडा से दिल्ली जा रहे थे। यह रेलगाड़ी अचानक दोपहर दो बजे रेलवे स्टेशन मौड़ पर रुकी। इस ट्रेन के रुकने पर स्टेशन पर जल सेवा कर रहे संस्थाओं के वर्कर प्लेटफार्म पर पीटर रेहड़ा लेकर आ गए।

जिस कारण उनका रेलवे कर्मचारियों से विवाद हो गया। इस विवाद के कारण आरपीएफ द्वारा संस्थाओं के तीन वर्कर बाबू राम, कृष्ण कुमार व तरसेम सिंह को हिरासत में ले लिया गया और स्टेशन अधीक्षक आरसी मीना को सस्पेंड कर दिया गया है। वर्करों को हिरासत में लेने के विरोध में संस्थाओं के वर्करों व मंडी निवासियों ने रेल ट्रैक जाम दिया।

संस्थाओं के वर्करों व मंडी निवासियों के विरोध को देखते हुए आरपीएफ द्वारा हिरासत में लिए तीनों व्यक्तियों को छोड़ दिया गया और गाड़ियों को रवाना किया गया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार मौड़ गुरतेज सिंह मानशाहिया व एसएचओ जसविंद्रपाल सिंह भी उपस्थित थे। इस मौके पर नौजवान वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष बलविंद्र कुमार हैप्पी ने कहा कि उनके द्वारा अधिकारियों को भरोसा दिया गया है कि आगे से प्लेटफार्म पर पीटर रेहड़ा नहीं लाया जाएगा।

संस्थाओं द्वारा आज के बाद प्लेटफार्म पर पीटर रेहड़ा न लेकर आने का आश्वासन दिए जाने पर गिरफ्तार व्यक्तियों को छोड़ा गया है। -शिव चौधरी, इंस्पेक्टर, आरपीएफ जाखल

संस्थाएं काफी समय से प्लेटफार्म पर यात्रियों के लिए ठंडा पानी रेहड़ी पर लेकर आते हैं और उन्हें ठंडा मीठा जल पिलाते हैं। इस कारण उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी। -आरसी मीना, स्टेशन अधीक्षक मौड़ मंडी सोमवार को स्टेशन पर हुए विवाद के कारण स्टेशन अधीक्षक आरसी मीना को सस्पेंड कर जवाब-तलब किया गया है। -प्रकाश चंद ओझा, ट्रैफिक इंचार्ज जाखल