| यात्रियों ने काटा समस्तीपुर जंक्शन पर बवाल by RailXpert on 30 January, 2013 - 06:00 PM | ||
|---|---|---|
RailXpert | यात्रियों ने काटा समस्तीपुर जंक्शन पर बवाल on 30 January, 2013 - 06:00 PM | |
पूमरे के समस्तीपुर जंक्शन से दरभंगा जंक्शन जाने वाली 55503 सवारी गाड़ी का टाइम-टेबल मंगलवार को अचानक परिवर्तित कर दिए जाने से यात्रियों ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। इस क्रम में सहायक स्टेशन अधीक्षक ए. अहमद व बिपिन बिहारी सिंह को उनके कक्ष से बाहर निकाल कार्यालय में ताला जड़ दिया। साथ ही रेल प्रशासन के विरूद्ध जमकर नारेबाजी भी की गई। हंगामें की सूचना पर आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आरएस प्रसाद और एसआईपीएफ रंजीत कुमार ने दलबल के साथ वहां पहुंच कर मामले को शांत कराया। इस संबंध में सीनियर डीसीएम एमएई हुमायू ने कहा कि नए रेलखंड रुन्नी सैदपुर के लिए दो की जगह तीन सवारी गाड़ियों का परिचालन शुरु कराया गया है। इसके वजह से यहां से रैक आपूर्ति की गई है। इसी को लेकर समय में परिवर्तन करना पड़ा, जो यात्रियों को नहीं भा सका।जानकारी के मुताबिक समस्तीपुर-दरभंगा के लिए प्रतिदिन सुबह में तीन पैसेंजर गाड़ी (55501, 55503 और 55505) खुलती है। इसमें 55503 का पूर्व निर्धारित समय 6:55 बजे सुबह था जिसका मंगलवार को री-शेड्यूल कर समय 8:30 बजे सुबह कर दिया गया। वहीं सुबह 8:30 बजे वाली पैसेंजर 55501 को सुबह 5:10 बजे डिपार्चर कर दिया गया। समय के इस फेर-बदल को लेकर यात्रियों को जंक्शन पर इंतजार करना पड़ा। इसी को लेकर वे आक्रोशित हो गए। यात्रियों का कहना था कि समय परिवर्तन अचानक कर दिया गया। यदि इसकी पूर्व सूचना रहती तो उन्हें परेशानियों का सामना करना नहीं पड़ता। दरभंगा जाने वाले यात्री अमरेश कुमार, देवेश राय, पंकज झा, हरिओम यादव, सुभाष तिवारी, रमेश साह, स्वाति सुमन सहित अनेक यात्रियों ने कहा कि ट्रेन के समय परिवर्तन हो जाने के कारण वे लोग समय से अपने-अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाएंगे। इससे हमारा काम बाधित होगा। | ||