Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Jan 31, 2013 - 20:00:15 PM


Title - - अमेठी बुझाएगा लखनऊ के यात्रियों की प्यास - Amar Ujala
Posted by : riteshexpert on Jan 31, 2013 - 20:00:15 PM

लखनऊ। राजधानी के रेल यात्रियों की प्यास अब अमेठी बुझाएगा। रेलवे व भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) अमेठी में रेल नीर का वाटर प्लांट लगाने जा रहा है। इस नई सुविधा से लखनऊ सहित आस-पास के जिलों के रेल यात्रियों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सकेगा। अमेठी में लगने वाला यह प्लांट 250 किमी. परिधि में आने वाले स्टेशनों पर पानी की सप्लाई करेगा। यह रेल नीर तैयार करने वाला देश का पांचवां प्लांट होगा।

निगम के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज सिन्हा ने बताया कि पचास हजार वर्ग फीट में लगने वाले प्लांट के लिए पूरा खाका तैयार कर रेलवे को भेज दिया गया है। जमीन उपलब्ध होते ही चंद महीनों में यह बनकर तैयार हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक जमीन रेलवे के पास उपलब्ध है। सिर्फ मुहर लगने की जरूरत है। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के जरिये लगने वाले इस प्लांट पर करीब दस करोड़ का खर्चा आएगा। मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक की मानें तो प्रतिदिन यहां 78 हजार रेल नीर की बोतल तैयार होगी, जो लखनऊ के सभी स्टेशनों के अलावा, बनारस, गोरखपुर, कानपुर, बाराबंकी, रायबरेली, ऊंचाहार, इलाहाबाद, प्रयाग, विंध्याचल, गोंडा सहित दर्जनों स्टेशनों पर सप्लाई की जाएगी। उन्हाेंने बताया कि अभी तक रेल नीर मुंबई के कल्याण स्थित अंबर नाथ, चेन्नई, दानापुर व नागलोई प्लांट से आता है। उन्होंने जुलाई 2013 तक प्लांट के शुरू होने की उम्मीद जताई है।

गर्मियों में रहती पानी की किल्लत

मई-जुलाई के बीच पानी की अक्सर मारामारी रहती है। रेलवे से अधिकृत एजेंसियां भी बोतल बंद पानी की पूरी सप्लाई नहीं कर पाती है। ऐसे में स्टेशन पर लोकल ब्रांड का बोलबाला रहता है और यात्रियों को मजबूरी में उन्हीं बोतलों से प्यास बुझानी पड़ती है। एक व दो मिनट ठहराव वाली ट्रेनों के यात्रियों को मजबूरी में इन बोतलों को खरीदना पड़ता है।

जांच में पास हुआ अमेठी का पानी आईआरसीटीसी अमेठी के जिस क्षेत्र में प्लांट लगा रहा है। वहां का पानी निगम के दिल्ली स्थित लैब में पास हो गया है। पानी की भविष्य में कोई किल्लत न हो उसके लिए पानी जमीन के कितने नीचे से मिल रहा है उसकी भी जांच कर ली गई है। अधिकारियों के मुताबिक लंबे समय तक पानी की यहां कोई समस्या नहीं रहेगी।