Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Aug 12, 2012 - 21:00:58 PM


Title - अधिक राजस्व पाए जाने पर फंसे बुकिंग बाबू
Posted by : railenquiry on Aug 12, 2012 - 21:00:58 PM

झांसी। रात में निकले रेल अफसरों को गड़बड़ियां ही गड़बड़ियां मिलीं। प्लेटफार्म पर निर्धारित स्थानों पर टिकट परीक्षक तो मिले ही नहीं, बुकिंग बाबू के पास भी अधिक राजस्व मिला। ट्रेनों में भी बेटिकट यात्री पकड़े गए। अधिकारियों ने संबंधितों पर कार्रवाई की है।बृहस्पतिवार की रात डीसीएम रश्मि बघेल व एसीएम रवि प्रकाश के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने पूछताछ कार्यालय में कर्मचारियों की कार्य प्रणाली को जांचा व यात्रियों से बातचीत की। प्लेटफार्म पर निर्धारित स्थान पर टिकट परीक्षकों के न मिलने पर उनको बुलाकर डांटा गया। तदुपरांत बुकिंग कार्यालय में काउंटरों पर राजस्व की जांच की गई। इस दौरान एक कर्मचारी के पास 186 रुपये अतिरिक्त राजस्व मिला। उसके खिलाफ कार्रवाई को लिखा गया।इसके बाद टीम जी टी एक्सप्रेस से ग्वालियर के लिए रवाना हुई। रास्ते में एसी कोच कंडक्टर को बुलाकर आरक्षण चार्ट से यात्रियों की संख्या का मिलान किया गया। इस दौरान पेंट्रीकार में बिना टिकट मौजूद तीन यात्रियों से जुर्माना वसूला गया। ग्वालियर स्टेशन पर उतरी टीम ने बुकिंग काउंटरों व यात्रियों को चेक किया। इस दौरान रेलवे परिसर में अनाधिकृत रूप से खड़ी प्री पेड टैक्सी को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया। रात में मालवा एक्सप्रेस से लौटते समय ट्रेन के अंदर तीस बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से करीब बारह हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। चेकिंग से बिना टिकट यात्रियों में हड़कंप रहा।

तीन जहरखुरान पकड़े

झांसी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म सात पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन युवकों को पकड़कर जीआरपी ने तलाशी ली तो उनके पास से 345 ग्राम नशीला पाउडर व चोरी का एक- एक मोबाइल बरामद किया गया। जीआरपी के अनुसार धौलपुर निवासी जावेद, चमन खान व शहजाद जहर खुरान हैं। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

ट्रेन से उतरते समय सीढ़ियों में पैर फंसा, घायल झांसी। ट्रेन से उतरते समय सीढ़ियों में पैर फंसने से एक यात्री घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बृहस्पतिवार की रात मध्य प्रदेश के बसई निवासी दीपक लिटौरिया पैसेंजर ट्रेन से तालबेहट से बसई जा रहा था। बसई स्टेशन पर ट्रेन के धीमा होने पर वह उतरने लगा, तभी उसका पैर सीढ़ियों में फंस गया, जिससे वह उतर नहीं सका। ट्रेन के साथ घिसट रहे पैर को देख दूसरे यात्रियों ने चेन पुलिंग कर गाड़ी को रुकवाया। तब तक यात्री का पैर बुरी तरह लहूलुहान हो चुका था। यात्री का पहले समीपवर्ती अस्पताल में उपचार कराया गया। इसके बाद परिजन उसे मेडिकल कालेज ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर ले जाने की सलाह दी, लेकिन परिजन निजी नर्सिंग होम ले गए।