Indian Railways News => Topic started by railgenie on Feb 05, 2013 - 03:01:03 AM


Title - एएसआइ समेत 10 निलंबित
Posted by : railgenie on Feb 05, 2013 - 03:01:03 AM

विधायक शिवेश कुमार के साथ मारपीट व उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में रेल एसपी सुरेश चौधरी ने एएसआइ विनोद कुमार और स्कॉर्ट पार्टी में शामिल हवलदार क्षत्रिय कुमार, सिपाही मोहम्मद्दीन, अजय कुमार व होमगार्ड के जवान अखिलेश कुमार को निलंबित कर दिया है. ये सभी पटना जीआरपी में पदस्थापित हैं. उधर, रेल प्रशासन ने इसी मामले में पांच रेलकर्मियों को भी निलंबित कर दिया है. उनके नाम अजय कुमार (टीटीइ, राजेंद्रनगर), जितेंद्र सिंह (टीटीइ, दानापुर), अखिलेश कुमार (टीटीइ, दानापुर), पंकज कुमार सिन्हा (टीटीइ, मुजफ्फरपुर) व सौरभ सिंह (बुकिंग क्लर्क, राजेंद्रनगर) है.क्यों हुई कार्रवाई : घटना के समय विधायक शिवेश कुमार ने एएसआइ विनोद कुमार से कार्रवाई करने का अनुरोध किया था, लेकिन उन्होंने अपनी ड्यूटी नहीं होने की बात कह कर पल्ला झाड़ लिया था. इस बात को रेल एसपी ने काफी गंभीरता से लिया और विनोद कुमार को भी निलंबित कर दिया. स्कॉर्ट पार्टी में शामिल हवलदार व जवानों को इसलिए निलंबित किया गया, क्योंकि उन्होंने अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं निभायी. घटना की उन्हें भनक तक नहीं लगी.
रेल डीएसपी संजय कुमार ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि विनोद कुमार को अपराध की सूचना मिलने पर कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने नहीं किया. इसके कारण उनका निलंबन किया गया. स्कॉर्ट पार्टी में शामिल एक हवलदार व तीन जवानों को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है.
क्या है मामला : अगिआंव (भोजपुर) के विधायक शिवेश कुमार के साथ दानापुर-हावड़ा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12352) में पटना सिटी के पास शुक्रवार की रात रेलकर्मियों ने मारपीट व उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया था. घटना की जानकारी शनिवार की सुबह विधायक ने बख्तियारपुर जीआरपी को दी. बख्तियारपुर पुलिस ने श्री कुमार का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए पटना जीआरपी को भेज दिया. मामले की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने मौके से दो रेलकर्मियों पीके सिन्हा व सौरभ कुमार को पकड़ लिया था. विधायक ने इस मामले में टीटीइ अखिलेश कुमार, अजय व पंकज को नामजद आरोपित बनाते हुए अन्य 12 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
विधायक अपनी पत्नी व छह माह के बच्चे के साथ एक फरवरी की रात्रि उक्त ट्रेन के एसी कोच एबी दो से पटना से कोलकाता जा रहे थे. वे लोग 17 और 18 नंबर बर्थ पर बैठे थे. पटना सिटी के पास सामनेवाले बर्थ 13,14,15 व 16 पर कुछ युवक आये और वहां बैठ कर शराब पीने लगे और हल्ला भी करने लगे. विधायक की पत्नी ने जब उन्हें हल्ला करने से मना किया, तो वे लोग अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे. मना करने पर उनलोगों ने मारपीट और अभद्र व्यवहार किया.