Indian Railways News => Topic started by greatindian on Feb 06, 2013 - 15:00:15 PM


Title - चलने से पहले बिजली की ट्रेनों पर लगा ब्रेक 10096255
Posted by : greatindian on Feb 06, 2013 - 15:00:15 PM

सुल्तानपुर : कादूनाला पुल में आई दरार के चलते फरवरी माह से चलने वाली बिजली की ट्रेनों के संचालन पर ब्रेक लग गई है। विद्युतीकरण का कार्य पूरा करने के बाद महकमा लखनऊ से मुगलसराय के बीच मालगाड़ी चलाने लगा था।

फरवरी महीने में यात्री ट्रेनों की भी शुरुआत होनी थी। अब कादूनाला पुल बनने के बाद ही इनका संचालन संभव है। लखनऊ से मुगलसराय तक रेललाइनों के विद्युतीकरण का कार्य पूरा हुआ तो संरक्षा आयुक्त से इस रूट पर ट्रेनों के संचालन की अनुमति मिल गई थी। जनवरी के अंतिम सप्ताह से बिजली से चलने वाले इंजन के जरिए मालगाड़ी चलाना शुरू हो गया था। अधिकारियों ने फरवरी के दूसरे सप्ताह से यात्री ट्रेनों के संचालन की तैयारी भी की। तीन एक्सप्रेस ट्रेनों मथुरा- पटना, कोटा-पटना व फरक्का एक्सप्रेस को इस मार्ग से बिजली का इंजन लगाकर चलाने की योजना बनी थी, लेकिन अचानक अढ़नपुर-मुसाफिरखाना स्टेशन के बीच कादूनाला पर बना रेल पुल में खामी आ गई। पुल के खंभों में आई दरार के चलते इस रूट पर भारवाहक मालगाड़ियों के संचालन पर रोक लगा दी गई। पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों को दस किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलाया जा रहा है। करीब 100 साल पुराने ईंट के पुल में आई दरार को ठीक करने के लिए दिल्ली व लखनऊ से तकनीकी विशेषज्ञ यहां पहुंचे, लेकिन यह निश्चित नहीं हो सका कि पुल में आई खामी कब तक दूर की जा सकती है। हलांकि अफसरों ने बिना पुल को ठीक किए मालगाड़ी व तेज रफ्तार की ट्रेनें न चलाने का स्पष्ट आदेश दिया है। ट्रेनों के सामान्य संचालन पर प्रतिबंध लग जाने के बाद बिजली के इंजन से गाड़ियां चलने से पहले ही योजना पर पानी फिर गया है। एइएन आरके सैनी का कहना है कि कादूनाला पुल को ठीक कर बिजली की ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। पुल कब तक ठीक होगा यह वह नहीं बता सके।