Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 06, 2012 - 00:00:53 AM


Title - ट्रेन पर पथराव, दो धरे गए
Posted by : eabhi200k on Aug 06, 2012 - 00:00:53 AM

लालगंज (रायबरेली)। गुरुवार को सुबह दो गुटों में हुई कहासुनी के बाद एक गुट ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। यह वाकया सुबह रायबरेली से कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन उस समय हुआ जब कुछ मुसाफिर डलमऊ से गंगा स्नान कर इस ट्रेन से वापस लौट रहे थे। उसी समय रेलवे स्टेशन पर टहल रहे कुछ स्थानीय लोगों से उन मुसाफिरों की कहासुनी हो गई। मुसाफिर ट्रेन में चढ़कर अपने गंतव्य की ओर जाने लगे तो नीचे तकरार कर रहे लोगों ने उन पर पथराव किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जीआरपी ने दो लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। जीआरपी सूत्रों ने बताया कि सुबह 5:20 बजे जाने वाली रायबरेली-कानपुर पैसेंजर (54153) पर नवरंग सिंह का पुरवा निवासी शिवबोधन पुत्र श्रीराम, मुन्नालाल लोध पुत्र कंधईया व उसके साथियों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें ट्रेन में बैठे कई यात्रियों को चोटें आईं। घायलों का विवरण नहीं पता चल सका। जीआरपी ने पथराव कर रहे लोगों का पीछा किया तो दो लोग पकड़ में आए। इन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इनके विरुद्ध कोई कार्रवाई न करते हुए कहा कि यह मामला जीआरपी का है। क्योंकि वाकया स्टेशन परिसर का है।