Indian Railways News => Topic started by railgenie on Dec 29, 2012 - 09:00:31 AM


Title - ट्रेन सेवा शुरु होने से खुश हैं ग्रामीण
Posted by : railgenie on Dec 29, 2012 - 09:00:31 AM

ट्रेन सेवा शुरु होने से खुश हैं ग्रामीण
हंसडीहा (दुमका) संवाद सूत्र : हंसडीहा स्टेशन में दर्जनों ऐसे लोग पहुंच रहे हैं जिन्हें वर्षो से यहां ट्रेन आने का इंतजार था। ट्रेन आने की खुशी में इस ठंड में भी सुबह-सुबह ही स्टेशन पहुंच रहे हैं। सरैयाहाट के अस्सी वर्षीय बुजुर्ग जगदीश मंडल सुबह सात बजे से ही स्टेशन में बैठ ट्रेन का इंतजार करते दिखे। श्री मंडल ने कहा कि उन्हें कल शाम को जैसे ही पता चला कि हंसडीहा-भागलपुर के लिए ट्रेन चलेगी वो सुबह ही अपने घर से हंसडीहा आ पहुंचे ट्रेन देखने के लिए। हंसडीहा स्टेशन पर बैठे सौदागर बाबा नामक सन्यासी ने बताया कि वो भी अपने आश्रम जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षो से उन्हें अपने इलाके में ट्रेन की सीटी गुंजने का इंतजार था, जो आज पूरा हुआ। जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षक विनोद कुमार साह स्टेशन पर दिख गये। उन्होंने बताया कि आज उन्हें अपने घर सुपौल जाना है इसलिए भागलपुर तक का सफर ट्रेन के माध्यम से करने का इरादा है। स्टेशन के बगल के गांव बभनखेता का निवासी बुजुर्ग बालेश्वर महतो का कहना था कि जीवन के अंतिम पडाव में अपनी धरती पर रेल को देखकर उनका मन आज बहुत गदगद है। बनियारा गांव की महिला निम्मी बानो नाज भी अपने परिवार के साथ मंदारहिल तक की यात्रा करने के लिए स्टेशन पहुंची थी। उन्होंने कहा कि अब मार्केटिंग के लिए दुमका की जगह भागलपुर जाना पसंद करेगी। इससे समय के साथ पैसों की भी बचत होगी।