Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Sep 09, 2012 - 00:00:27 AM


Title - नौचंदी एक्सप्रेस में मिला युवक का शव
Posted by : railenquiry on Sep 09, 2012 - 00:00:27 AM

हंगामे के चलते हरनामगंज रेलवे स्टेशन पर आधे घंटे खड़ी रही ट्रेन

कुंडा, प्रतापगढ़ : लखनऊ से इलाहाबाद जा रही नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन में शनिवार की सुबह जनरल बोगी में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उक्त ट्रेन करीब आधे घंटे तक हरनामगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही, जहां पर रेलवे कर्मियों ने जीवित होने की बात कहने पर शव ट्रेन से नहीं उतारने दिया। आखिरकार गार्ड के हस्तक्षेप के बाद ट्रेन इलाहाबाद के लिए रवाना हुई।

सुबह ट्रेन जैसे ही हरनामगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंची कि जनरल बोगी के कुछ यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक को बोगी में शव होने की खबर दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस के साथ स्टेशन के कर्मचारी भी उक्त बोगी में गए। वहां पर काफी प्रयास के बाद भी उक्त युवक की पहचान नहीं हो सकी। इस बीच कुछ लोगों ने उक्त युवक के शव को उतारने का प्रयास किया तो स्टेशन कर्मियों ने जीवित होने की बात कहते हुए मना कर दिया। गार्ड के हस्तक्षेप के बाद ट्रेन इलाहाबाद के लिए रवाना हो सकी।