Indian Railways News => Topic started by Jitendar on Feb 04, 2013 - 15:01:11 PM


Title - यात्रियों से मिलकर ली सुविधाओं की जानकारी
Posted by : Jitendar on Feb 04, 2013 - 15:01:11 PM

रेल राज्य मंत्री अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को इलाहाबाद जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से मिलकर समस्याओं के बारे में पूछा और जन आहार केंद्र में जाकर खाने का परीक्षण किया।जंक्शन से बाहर निकल रहे एक यात्री से कंधे पर हाथ रखकर रेल राज्य मंत्री ने रेलवे की सुविधाओं के बारे में पूछा तो उसने अपना दुख बयान करते कहा कि आरक्षित बोगी में वेटिंग लिस्ट एवं जनरल टिकट लेने वाले भी घुस जाते हैं जिससे काफी दिक्कत होती है। इस पर उन्होंने साथ चल रहे अधिकारियों को इस तरह की शिकायतों को देखने को कहा। मंत्री प्लेटफार्म एक पर बने जन अहार केंद्र में पहुंचे। यहां उन्होंने किचन को देखा और व्यंजन भी चखा। भोजन कर रहे मुसाफिरों से खाने की गुणवत्ता के बारे में पूछा। क्रू लॉबी में पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों से सुविधाओं की जानकारी ली। साथ चल रहे अफसरों से कहा कि इनको सबसे ज्यादा तनाव का सामना करना पड़ता है। इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी है कि इनके परिजनों की देखभाल करें।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक आलोक जौहरी ने मंत्री को कुंभ मेले की तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने ट्रैफिक मूवमेंट प्लान की पूरी जानकारी प्रदान की। मंत्री तैयारियों से संतुष्ट दिखे और इलाहाबाद मंडल को एक लाख रुपये पुरस्कार की घोषणा की। जंक्शन निरीक्षण के दौरान इलाहाबाद मंडल के डीआरएम हरींद्र राव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार समेत मुख्यालय और इलाहाबाद मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

-------

संगम में लगाई डुबकी

इलाहाबाद : अपनी पत्नी के साथ इलाहाबाद पहुंचे रेल राज्य मंत्री ने संगम में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। लौटते समय वे कुंभ मेले में उत्तर मध्य रेलवे के शिविर में पहुंचे। यहां उन्होंने टिकट खरीदने पहुंचे लोगों से सुविधाओं की जानकारी ली।

------

सभी राजधानी रोकने की मांग

इलाहाबाद : कांग्रेस प्रवक्ता जावेद उर्फी ने रेल राज्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने इलाहाबाद से दिल्ली दूरंतो को रोज चलाने, कानपुर-दिल्ली कालिंदी एक्सप्रेस को इलाहाबाद से चलाने की मांग की। उन्होंने इलाहाबाद होकर जाने वाली सभी राजधानियों को यहां रोके जाने की बात कही। रेल राज्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे प्रयास करेंगे।

-----

सोनिया के आगमन की तैयारी

इलाहाबाद : दो दिन में लगातार दो रेल राज्य मंत्रियों ने इलाहाबाद का दौरा किया। अब चर्चा है कि सोनिया गांधी और राहुल भी शीघ्र इलाहाबाद आएंगे। दोनों पांच फरवरी को संगम में डुबकी लगाने के लिए पहुंच सकते हैं। दोनों जंक्शन का भी जायजा ले सकते हैं।