Indian Railways News => Topic started by irmafia on Feb 04, 2013 - 12:00:25 PM


Title - रंग लाया भास्कर का अभियान, शहर को जल्द मिलेगी शताब्दी एक्सप्रेस रंग लाया भास्कर का अभियान, शहर को जल
Posted by : irmafia on Feb 04, 2013 - 12:00:25 PM

अम्बाला. कैंट रेलवे स्टेशन पर चंडीगढ़-नई दिल्ली नॉन स्टाप शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव के लिए दैनिक भास्कर का अभियान सिरे चढऩे लगा है। रेल मंत्री पवन बंसल ने शताब्दी के कैंट स्टेशन पर ठहराव के लिए हामी भर दी है। पुष्ट सूत्रों की मानें तो आगामी दस दिनों में ही इसका ठहराव होगा।

शहर के लोगों के लिए दैनिक भास्कर द्वारा चलाए अभियान की जानकारी रेल मंत्री को दी गई है। उन्होंने रेलवे के उच्च अधिकारियों को ट्रेन के ठहराव के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।


शहर के लिए जरूरी शताब्दी : शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव शहर के लिए जरूरी है। इस समय कैंट स्टेशन पर सिर्फ सुबह व शाम को दिल्ली जाने के लिए शताब्दी एक्सप्रेस उपलब्ध है। यदि सुबह शताब्दी में सीट नहीं मिलती तो यात्रियों को सड़क मार्ग या अन्य ट्रेन पर दिल्ली रवाना होना पड़ता है।

या फिर शाम को चलने वाली शताब्दी में जाने को मजबूर होना पड़ता है। नई नॉन स्टाप शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर के समय स्टेशन से गुजरती है।


रेल मंत्री पवन बंसल ने 14 जनवरी को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से नॉन स्टाप शताब्दी एक्सप्रेस को हरी झंडी दी थी। ट्रेन सुबह 11.40 पर चंडीगढ़ से रवाना होती है जो दोपहर तीन बजे दिल्ली पहुंचती है। वापसी में यह ट्रेन शाम सवा सात बजे चलती है जो रात साढ़े दस बजे चंडीगढ़ पहुंचती है।


जेडआरयूसीसी सदस्य ने पुष्टि की
चंडीगढ़ से जोनल रेलवे यूजर्स कंस्लटेटिव कमेटी (जेडआरयूसीसी) सदस्य परमजीत सिंह ने दैनिक भास्कर को बताया कि जल्द ही अम्बाला के यात्रियों को शताब्दी एक्सप्रेस मिलेगी। उनकी रेल मंत्री पवन बंसल से शनिवार ही विस्तृत चर्चा हुई है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि अम्बाला के निवासियों ने उनके समक्ष भी इस मांग को उठाया था। मामला अम्बाला से जुड़े होने के कारण उनके शहर में कई जानकार हैं जिन्होंने इस मसले पर उनसे बातचीत की थी। दैनिक भास्कर द्वारा शताब्दी के ठहराव के लिए चलाई गई मुहिम की जानकारी भी उन्हें मिली थी।

इसके बाद समाचार पत्र की प्रतियों व मांग युक्त पत्रों को रेल मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। यात्रियों की इस मांग को रेल मंत्री ने तुरंत स्वीकार करते हुए उच्च अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

अम्बाला रेल मंडल में जल्द यह आदेश पहुंचेंगे। तकनीकी कार्य पूरे होने के बाद शताब्दी का अम्बाला कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टॉप होगा। ट्रेन का चंडीगढ़ के बाद अब अम्बाला के यात्रियों को भी लाभ मिल सकेगा।


इन संस्थाओं ने उठाई भास्कर के साथ आवाज
हरियाणा चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, अम्बाला साइंटिफिक इंस्ट्रूमेंट्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, रेजिडेंस सोसाइटी ट्रिब्यून कॉलोनी, सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन, अग्रवाल सभा, सेंट्रल फीनिक्स क्लब, राय मार्केट एसोसिएशन। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग भास्कर सरोकार से जुड़े थे।

इन सभी के सहयोग से ही शताब्दी एक्सपे्रस का ठहराव सफल होने जा रहा है। इन सभी संस्थाओं ने भास्कर के साथ मिलकर आवाज उठाई थी और ज्ञापन भी सौंपे थे।