Indian Railways News => Topic started by railgenie on Nov 28, 2012 - 18:01:20 PM


Title - हालात-ए-रेलवे: वेटिंग में चल रहा है 5 करोड़ से ज्यादा का माल
Posted by : railgenie on Nov 28, 2012 - 18:01:20 PM

लुधियाना। पंजाब के होजरी कारोबारियों की  हालत दिन प्रति दिन खस्ता हो रही है। कारोबारियों का कहना है कि रेलवे विभाग की लापरवाही के कारण उनका 5 करोड़ से अधिक का माल स्टेशन पर पड़ा है। माल दूसरे राज्यों में नहीं जा पा रहे हैं। जबकि लगभग इतना ही माल विभिन्न स्टेशन पर अपने गंतव्य स्थान पर नहीं पहुंचने के कारण रास्ते में है। 

कारोबारियों का कहना है कि हर साल विभाग की तरफ से उन्हें आश्वासन दिया जाता है कि सीजन के दौरान निजी व रेलवे वीपी ऑन डिमांड उपलब्ध करवाई जाएगी। लेकिन बाद में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता है।

कारोबारियों को माल बुकिंग को लेकर इधर-उधर भाग दौड़ करनी पड़ती है। सीजन खत्म होने की कगार पर है, लेकिन माल अभी लुधियाना स्टेशन पर रखा है।

मांग 72 की मिली सिर्फ 11 वीपी

रेल अधिकारियों  के मुताबिक मांग  को देखते हुए पार्सल विभाग की तरफ से इस बार 72 वीपी की मांग की गई थी, लेकिन 25 नवंबर तक केवल 11 वीपी ही मिली थी। जिसमें से रेलवे विभाग को केवल 2 ही वीपी मिली थी।

हर रोज अधिकारियों को डंप माल की जानकारी दी जाती है और वीपी के बारे में मांग की जाती है। दस्तावेजों के अनुसार बुक हुई 2500 से अधिक पेटियां हैं और इतनी ही लीज होल्डरों की पेटियां पड़ी हैं।

डंप माल हो रहा है चोरी

कारोबारियों में इस बात को लेकर रोष है कि स्टेशन पर पड़ा डंप माल बिना सुरक्षा के ही पड़ा है। इधर-उधर माल रूकने के कारण खराब हो जाता है। जबकि कई पेटियों से तो काफी माल चोरी हो जाती है। जिसके लिए अगर व जीआरपी को शिकायत करते हैं तो उन्हें कई तरह की मुश्किलों से गुजरना पड़ता है।

पार्सल विभाग के अधिकारी भी उनकी तरफ कोई ध्यान नहीं देते। इस बार रेल विभाग के अधिकारियों ने उन्हें समय के हिसाब से वीपी लगवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन सब दावे खोखले साबित हो रहे हैं। 

इन स्थानों के लिए जाने वाला माल हुआ डंप

लखनऊ, बरेली, आगरा, ग्वालियर, रांची, कोलकाता, मुजफ्फरपुर, बनारस, पटना, गुवाहटी, रामपुर, सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून, बनारस और दिल्ली के माल अभी भी स्टेशन पर वीपी के इंतजार में हैं। इनमें कुछ स्टेशन पर माल को बुक करवाकर भेजा जाता है तो कुछ स्टेशनों के लिए कारोबारियों की तरफ से वीपी की डिमांड की जा रही है। गुवाहटी, कोलकाता, पटना और बनारस के लिए मांग अधिक है।

क्या कहते हैं व्यापारी

> माल दूसरे राज्य नहीं जाने के कारण कारोबारियों की हालत खराब हो रही है। क्योंकि 10 दिसबंर  के बाद सीजन खत्म हो जाएगा। अगर इस दौरान माल ग्राहकों तक नहीं पहुंचा तो उनका भुगतान रुक जाएगा। विभाग को इस संबंध में उचित कदम उठाने चाहिए।
- दर्शन डाबर, प्रधान निटवियर क्लब

> माल को दूसरे राज्यों में भेजने के लिए निटवियर क्लब की तरफ से बड़ौदा हाउस के अधिकारियों को भी लिखकर भेजा गया था, जिन्होंने वीपी उपलब्ध करवाने की बात कही थी। इसके अलावा विभाग ने स्पेशल गाड़ी चलाने की भी घोषणा की थी। लेकिन सब दावे झूठे साबित हो रहे हैं। कारोबारियों को करोड़ों रुपये रुका हुआ है।
- विनोद थापर, चेयरमैन निटवियर क्लब

> माल को अपने घर तक ले जाने के लिए व्यापारियों को कई रात स्टेशन पर गुजारनी पड़ रही है। वही स्टेशन पर दलाल भी उनसे मुंह मांगे दाम वसूल कर रहे हैं। अगर सीजन के रहते माल ग्राहकों की दुकानों तक न पहुंचा तो माल बिक नहीं पाएगा। जिसका प्रभाव कारोबार पर पड़ेगा। कारोबारी पहले ही मंदी के दौर में से गुजर रहे हैं।
- नवीन सूद, प्रधान लुधियाना होजरी एसोसिएशन

विभागीय अधिकारी बोले

> विशेष ट्रेन चला कर शीघ्र ही डंप हुआ माल निकाल दिया जाएगा। इसके लिए बड़ौदा हाउस के उच्चाधिकारियों बात की गई है। सीजन के चलते ही माल जमा हुआ है। लेकिन प्रति दिन 2000 से अधिक बुकिंग के नग भेजे जे रहे हैं। विभाग की तरफ से उचित कदम उठाए जा रहे हैं।
- एमएम सिंह, सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर