Indian Railways News => Topic started by greatindian on Jun 16, 2013 - 18:30:18 PM


Title - nathdwara udaipur rajasthan railway - नाथद्वारा पहुंचेगी रेल लाइन, शताब्दी जैसी फास्ट ट्रेन चलेगी उद
Posted by : greatindian on Jun 16, 2013 - 18:30:18 PM

उदयपुर. केंद्रीय रेल एवं भूतल परिवहन मंत्री सीपी जोशी ने उदयपुर-जयपुर के बीच शताब्दी जैसी सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की घोषणा शनिवार को दिल्ली में की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि नाथद्वारा कस्बे तक शीघ्र ही रेल लाइन बिछाई जाएगी।

जोशी ने उदयपुर से जयपुर के बीच शताब्दी की तर्ज पर एक ऐसी ए-क्लास ट्रेन चलाने की घोषणा की है जो सुबह चलकर शाम तक वापस लौट आए। हवाई यात्रियों के समकक्ष उच्च श्रेणी के यात्रियों को आराम दायक सफर की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शताब्दी स्तर की ट्रेन चलाई जाएगी।

यह ट्रेन उदयपुर सिटी से रवाना होकर भीलवाड़ा और अजमेर स्टेशनों पर रुकती हुई जयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन चित्तौडग़ढ़ न जाकर घोसुंडा बायपास से चंदेरिया होकर अजमेर मेन लाइन पर जाएगी। राणा प्रतापनगर, मावली, फतहनगर, कपासन, बिजयनगर, नसीराबाद, किशनगढ़ और फुलेरा स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा।

शताब्दी की तर्ज पर प्रस्तावित ट्रेन के सभी कोच वातानुकूलित होंगे। सेकेंड क्लास के सामान्य और स्लीपर क्लास के डिब्बे इस ट्रेन में नहीं लगाए जाएंगे। उदयपुर से जयपुर के बीच भीलवाड़ा और अजमेर में अल्प समय का ठहराव होने से यात्रियों के लिए जलपान व भोजन की व्यवस्था ट्रेन में उपलब्ध हो सकती है।

अजमेर से नई दिल्ली और अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल तक चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों में पेंट्री कार चलती है। यात्रियों को टिकट बुक कराते समय लंच, डिनर या ब्रेकफास्ट का ऑर्डर बुक कराना होता है। वर्तमान में उदयपुर से चलने वाली किसी भी ट्रेन में पेंट्री कार की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

स्टेशन पर मूलभूत सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी

रेल मंत्री जोशी ने शताब्दी श्रेणी की ट्रेन चलाने की घोषणा के साथ एलान किया कि पहले मूलभूत सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी फिर ट्रेन चलेगी। उदयपुर क्षेत्र के रेल अधिकारियों के मुताबिक शताब्दी के टिकट आरक्षण का अलग काउंटर खोला जाएगा। ट्रेन में बैठने से पूर्व या ट्रेन से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित वेटिंग रूम का निर्माण कराया जाएगा।

नाथद्वारा तक पहुंचेगी ट्रेन

भगवान श्रीनाथ की नगरी के बाशिंदों और बाहर से आने वाले तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए नाथद्वारा कस्बे तक रेल लाइन बिछाने की घोषणा रेल मंत्री डा. सीपी. जोशी ने शनिवार को दिल्ली में की। मावली से मंडियाना तक बिछाए गए 16 किमी लंबे बड़ी लाइन के ट्रैक का विस्तार किया जाएगा।

प्लान के तहत मंडियाना स्टेशन से 11 किमी लंबी नई रेल लाइन नाथद्वारा तक बिछाई जाएगी। नाथुवास में नाथद्वारा का रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। नाथद्वारा तक रेल लाइन पहुंचने के बाद सूरत, मुंबई, राजकोट के लिए ट्रेनें चल सकेंगी। चार माह पूर्व पारित रेल बजट में नाथद्वारा-ओखा के लिए साप्ताहिक ट्रेन चलाने की घोषणा की गई थी।

नाथद्वारा कस्बे तक रेल लाइन डालने से दो वर्ष पूर्व निर्मित मावली-मंडियाना रेल लाइन पर ट्रेनें चल सकेंगी। दो वर्ष पूर्व 33 करोड़ रुपए खर्च करके डाले गए इस ट्रैक तक अब तक कोई ट्रेन नहीं चलाई जा सकी।