Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Oct 07, 2013 - 19:58:44 PM


Title - railway bonus - रेलवे में दो दिनों में बंटेगा 34 करोड़ रुपए का बोनस, खाते में जमा की जाएगी राशि
Posted by : eabhi200k on Oct 07, 2013 - 19:58:44 PM

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारियों को त्योहारी बोनस दो दिनों के भीतर मिलेगा। रेल प्रशासन ने इसकी तैयारी कर ली है। जोनल मुख्यालय से लेकर रायपुर, बिलासपुर और नागपुर डिवीजन के 38 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को 34 करोड़ रुपए से अधिक का बोनस मिलेगा। कर्मचारी इस बात से संतुष्ट हैं कि वित्तीय तंगी से जूझ रहे भारतीय रेल ने बोनस की राशि घटाने के फैसले को टालते हुए पिछले साल की तरह हरेक कर्मचारी को 8 हजार 975 रुपए (अधिकतम) देने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे बोर्ड ने पिछले साल की तरह 3500 रुपए सीलिंग के साथ कर्मचारियों को 78 दिनों का बोनस देने के निर्देश दिए हैं। इस आशय के निर्देश जोनल कार्यालय को दो दिन पहले मिले हैं। अब दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) प्रशासन इस कोशिश में जुट गया है कि कर्मचारियों को बोनस मंगलवार तक बांट दिया जाए। इसके लिए एकाउंट विभाग दिन रात मेहनत कर रहा है। जोन में 43 हजार कर्मचारी हैं, जिसमें से लगभग 38 हजार कर्मचारियों को बोनस मिलेगा, जिनके बीच 34 करोड़ रुपए से अधिक की राशि बतौर बोनस पहुंचेगी। एसईसीआर के सीपीआरओ आरके अग्रवाल ने बताया कि बोनस बांटने की तैयारी कर ली गई है। सोमवार से बोनस की राशि कर्मचारियों के खाते में जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कोशिश की जा रही है कि मंगलवार तक 80 फीसदी से ज्यादा कर्मचारियों को बोनस मिल जाए। 20 फीसदी कर्मचारियों को ग्रामीण बैंकों में खाता होने के कारण बोनस मिलने में देरी होगी, फिर भी कर्मचारियों को बोनस 10 अक्टूबर तक मिल ही जाएगा।

कहां किसको कितना मिलेगा

:   बिलासपुर डिवीजन- 14795 कर्मचारियों को 13.27 करोड़        :  रायपुर डिवीजन- 8854 कर्मचारियों को 7.94 करोड़       :  नागपुर डिवीजन- 10684 कर्मचारियों को 9.58 करोड़       :  जोनल मुख्यालय- 847 कर्मचारियों को 76 लाख रुपए।

:  कंस्ट्रक्शन- 614 कर्मचारियों को 5.51 लाख रुपए।

:  डब्ल्यूआरएस- 16 सौ कर्मचारियों को 1.43 करोड़ रुपए।

:  जीएसडी रायपुर- 300 कर्मचारियों को 26 लाख रुपए।

:  एमआईबी नागपुर- 600 कर्मचारियों को 53 लाख रुपए।