Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Sep 22, 2012 - 18:01:03 PM


Title - एसजीपीसी मेंबर पहुंचाएंगे लोगों की आवाज
Posted by : AllIsWell on Sep 22, 2012 - 18:01:03 PM

मोहाली। चंडीगढ़ से अमृतसर के लिए शुरू की गई इंटरसिटी एक्सप्रेस को मोहाली में स्टॉपेज देने का बीड़ा अब एसजीपीसी मेंबर उठाएंगे। अमर उजाला द्वारा इस संबंध में शुरू की गई मुहिम से जुड़ते हुए शिरोमणि गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी के मेंबरों ने लोगों की आवाज एसजीपीसी तक पहुंचाने का फैसला किया है। एसजीपीसी मेंबरों का कहना है कि मोहाली में सिख संगतें काफी ज्यादा हैं और अमृतसर आस्था का केंद्र है। जहां रोजाना बड़ा संख्या में लोग दरबार साहिब में मत्था टेकने जाते हैं। अगर इंटरसिटी का स्टॉपेज मोहाली में हो जाता है, तो सारी संगतों को बहुत सहूलियत हो जाएगी। क्योंकि बाई-रोड जाने में परेशानियां और खतरा है। साथ ही पैसे और समय भी ज्यादा लगता है। या फिर वे ट्रेन पकड़ने के लिए चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन जाएं। इससे अच्छा है कि मोहाली में ही, चाहे दो मिनट का ही स्टॉपेज दिया जाए, स्टॉपेज जरूर होना चाहिए।रेलवे अधिकारियों से मिलेंगे - हरदीप सिंह आजाद लड़कर चुनाव जीते हरदीप सिंह ने कनाडा से फोन पर बातचीत में कहा कि मोहाली में इंटरसिटी का स्टॉपेज जरूर दिया जाना चाहिए। अगर रेलवे को एक्सप्रेस ट्रेन में ज्यादा स्टॉपेज देने में परेशानी है। तो फिर यह ट्रेन मोहाली से ही शुरू की जा सकती है। उस स्थिति में मोहाली के साथ-साथ चंडीगढ़ के साथ लगते एरिया के लोगों को भी सहूलियत मिल जाएगी। पर स्टॉपेज जरूर होना चाहिए। जल्द ही लौटने के बाद वह मोहाली की संगतों को लेकर रेलवे अधिकारियों से मिलेंगे। उन्हें बताएंगे कि मोहाली में स्टॉपेज देने से रेलवे और लोगों, दोनों का फायदा है।
मक्कड़ और गुलशन से करेंगे मांग - परमजीत कौर लांडरां मोहाली हलके से अकाली दल की एसजीपीसी मेंबर परमजीत कौर लांडरां ने कहा कि रोड पर ट्रैफिक बढ़ गया है। हादसे का खतरा रहता है। ऐसे में स्टॉपेज बहुत जरूरी है। लोगों को बहुत बड़ी सहूलियत मिलेंगी। वह इस बारे में एसजीपीसी प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ से बात करेंगी। साथ ही स्त्री अकाली दल की नेता होने के नाते संगठन प्रधान परमजीत कौर गुलशन से मिलेंगी। गुलशन संसद की रेलवे स्टैंडिंग कमेटी की मेंबर हैं। उन्होंने पहले भी रेलवे से जुड़े पंजाब के कई मसले हल कराए हैं। इस मामले में भी गुलशन जरूर कुछ न कुछ करेंगी। जल्द ही स्त्री अकाली दल का डेलिगेशन गुलशन से मिलकर मांग करेगा कि चाहे दो ही मिनट का हो, पर स्टॉपेज जरूर दिया जाए।

सारे मेंबर मिलकर करेंगे प्रधान से बात - कालेवाल खरड़ हलके से अकाली दल के एसजीपीसी मेंबर चरनजीत सिंह कालेवाल ने कहा कि यह अफसोस की बात है कि इस इलाके में कहीं भी इंटरसिटी का स्टॉपेज नहीं दिया गया। मोहाली में स्टॉपेज मिलने से लोगों को बहुत बड़ी सहूलियत मिलेगी। बल्कि इससे अच्छा तो संगतों के लिए कुछ हो ही नहीं सकता। क्योंकि इस इलाके से बड़ी तादाद में संगतें नियमित रूप से दरबार साहिब मत्था टेकने जाती हैं। वह आराम से जा सकेंगी, सड़क हादसे का खतरा भी नहीं रहेगी। वह जिले के सारे एसजीपीसी मेंबरों को साथ लेकर जल्द ही एसजीपीसी प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ से इस बारे में मिलेंगे। मांग करेंगे कि रेलवे मंत्रालय तक यह मांग पहुंचा कर पूरी कराई जाए।

--- बॉक्स --- इंटरसिटी रुके, बस भी चले मोहाली में इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्टॉपेज को लेकर चलाए अभियान से जुड़ते हुए सी-डैक इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार ने कहा कि यहां इंटरसिटी का स्टॉपेज जरूर होना चाहिए। मोहाली के लोगों की सहूलियत के लिए रेलवे कार्रवाई करे। वहीं, जिला प्रशासन स्टेशन की भी दशा सुधारे। स्टेशन जाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं है, ऑटो वाले मनमर्जी के पैसे वसूलते हैं। जितना किराया ट्रेन में नहीं लगता, उससे कहीं ज्यादा ऑटो वाले ले लेते हैं। इसलिए फेज 11 तक जाने वाली सीटीयू की बसों को रेलवे स्टेशन तक चलाया जाए। इससे लोगों को सहूलियत मिलेगी।