Indian Railways News => Topic started by irmafia on Aug 05, 2012 - 21:01:43 PM


Title - ओएचई फेल से थमी ट्रेनें, सहमे अफसर
Posted by : irmafia on Aug 05, 2012 - 21:01:43 PM

0 जंक्शन पर घंटेभर पर खड़ी रह गई मुरी एक्सप्रेस
0 मूरी, रीवांचल, गोदान, ब्रह्मपुत्र सहित कई ट्रेेनें फंसी
**********
इलाहाबाद। सप्ताह के शुरुआती दो दिन ग्रिड फेल होने के कारण ट्रेनें पूरी तरह से अभी पटरी पर लौट भी नहीं सकीं कि शनिवार की सुबह बिजली ने फिर रेलवे अफसरों की धड़कनें बढ़ा दीं। गनीमत रही कि गड़बड़ी असर पूरे सिस्टम पर नहीं पड़ा। 45 मिनट के अंदर ट्रेन सेवा बहाल हो गई। फिलहाल, करछना से बमरौली स्टेशनों के बीच ट्रिप हुई बिजली के कारण छह ट्रेनें बीच में ही खड़ी हो गईं। बताते हैं कि शनिवार की सुबह 9.45 बजे अचानक ओएचई ट्रिप कर गई। इसके कारण जंक्शन से छूटने जा रही गाड़ी 18101 मुरी एक्सप्रेस 10 कदम चलकर अचानक खड़ी हो गई। कई अन्य ट्रेनें भी जहां-तहां रुक गईं। इसकी सूचना कंट्रोल और अफसरों को मिली तो हड़कंप मच गया। अफसरों और रेलकर्मियों को अंदेशा हुआ कि ग्रिड फिर दगा दे गई है। फोन घनघनाने शुरू हुए तो पता चला कि खराबी करछना से बमरौली के बीच में ही है। अन्य सेक्शन में ट्रेनें चल रही हैं। इस खराबी के कारण गाड़ी 18101 मुरी एक्सप्रेस और 11056 गोदान गोरखपुर-लोकमान्य तिलक गोदान एक्सप्रेस जंक्शन के आसपास फंस गईं। इसके साथ ही 12428 रीवांचल एक्सप्रेस, 14164 संगम, 14056 ब्रह्मपुत्र और 54103 चुनार-इलाहाबाद पैसेंजर भी फंसी रहीं। 10.22 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद ट्रेनों का संचालन बहाल हुआ। इसके बाद रेलवे अफसरों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। संभावना जताई जा रही है कि रीवा ग्रिड से रेलवे को मिलने वाली बिजली आपूर्ति में व्यवधान के कारण यह दिक्कत आई।