Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Sep 09, 2012 - 12:00:34 PM


Title - किसानों ने थामे ट्रेनों के पहिए
Posted by : AllIsWell on Sep 09, 2012 - 12:00:34 PM

फिरोजपुर/मक्खू। पंजाब में 17 किसान-मजदूर संगठनों ने सूखा राहत के अलावा अन्य मांगों को मनवाने के लिए ट्रेनें रोककर बुधवार को आंदोलन किया। आंदोलन के कारण रेल डिवीजन फिरोजपुर की तकरीबन आठ ट्रेनें प्रभावित हुईं और तीन पैसेंजर ट्रेनें रद करनी पड़ीं। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कुछेक ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर किसानों ने पांच घंटे तक रोके रखा। उधर, रेल डिवीजन फिरोजपुर के रेल मंडल प्रबंधक एनसी गोयल ने कहा कि सात से आठ ट्रेनें प्रभावित हुई हैं जबकि तीन पैसेंजर ट्रेनों को रद करना पड़ा। जानकारी के अनुसार किसान जत्थेबंदियों का आंदोलन का समय दोपहर 12.30 बजे से शाम के साढ़े तीन बजे तक था। लेकिन मक्खू में किसानों ने सुबह 11 बजे जालंधर से फिरोजपुर को आने वाली पैसेंजर ट्रेन और फिरोजपुर से जम्मूतवी को जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन को साढ़े ग्यारह बजे रोक लिया। इन दोनों ट्रेनों को शाम साढ़े तीन बजे अपने निश्चित स्टेशनों के लिए रवाना किया। जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन लंबी दूरी होने के कारण इसमें बैठे यात्रियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। जबकि पैसेंजर ट्रेन के यात्री मक्खू स्टेशन पर उतर गए और अन्य वाहनों पर बैठकर अपने घर पहुंचे। इसके अलावा फाजिल्का में पैसेंजर ट्रेन 4एलएफ, फरीदकोट में पैसेंजर ट्रेन, डगरू में 6एलएफ ट्रेन रोकी गई। इसके अलावा दोपहर फिरोजपुर से चलने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनों को रद किया गया। किसान आंदोलन से रेलवे को खासा नुकसान हुआ है साथ ही यात्रियों को तमाम परेशानी उठानी पड़ी। कई ऐसे यात्री थे, जो सुबह की ट्रेन में अपने मरीजों को चेकअप के लिए जालंधर ले जा रहे थे। लेकिन किसानों ने आंदोलन के लिए घोषित किए समय से पहले ही मक्खू में ट्रेनें रोकना शुरू कर दिया। जिस कारण जम्मूतवी एक्सप्रेस और जालंधर से फिरोजपुर आने वाली ट्रेनें रास्ते में खड़ी रही। उधर, आरपीएफ थाना के पोस्ट कमांडर राम गोपाल ने कहा कि ट्रेन रोकने के आरोप में अभी तक किसी किसान नेता के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।