Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 27, 2013 - 17:58:13 PM


Title - कूड़े ने बढ़ाई रेलवे की दिक्कतें : डीआरएम
Posted by : railgenie on Aug 27, 2013 - 17:58:13 PM

फिरोजपुर डिवीजन के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) निर्मल चंद गोयल ने हाल में जम्मू-ऊधमपुर रेलवे सेक्शन के भूस्खलन से बंद होने का कारण ऊधमपुर प्रशासन द्वारा टनल के ऊपर कूड़ा फेंके जाने को बताया। डीआरएम ने घोषणा की कि जल्द ही जम्मू-जालंधर सेक्शन में ट्रैक के डबलिंग का काम पूरा हो जाएगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
सोमवार को डीआरएम निर्मल चंद गोयल ने बताया कि रामनगर रेलवे स्टेशन के पास बनी टनल नंबर 16 के ऊपर ऊधमपुर जिला प्रशासन शहर की गंदगी को फेंक रहा है। हाल ही में हुई बारिश में यह कूड़ा गिरकर टनल के ऊपर और बाहर गिर गया था, जिसके चलते रेलवे को खासी दिक्कतें झेलने पड़ी थी। उनके अनुसार डीसी ऊधमपुर को पत्र लिखकर टनल के ऊपर कूड़ा न फेंकने की गुजारिश की गई है। वहीं, कटड़ा तक ट्रेन पहुंचाने के बारे में उन्होंने कहा कि रेलवे ने ट्रैक बनाने और अन्य कामों को पूरा कर लिया है, जल्द ही चीफ रेलवे सिक्योरिटी (सीआरएस) को पत्र लिखकर उन्हें ट्रैक की इंस्पेक्शन के लिए कहा जाएगा। सीआरएस से हरी झंडी मिलते ही ऊधमपुर-कटड़ा रेलवे सेक्शन में ट्रेन दौड़ने लगेगी।
रेलवे के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की कमी पर डीआरएम एनसी गोयल ने दोहराया कि रेलवे हेड क्वार्टर से उन्हें डिवीजन में 1600 नए कर्मचारियों को दिए जाने का आश्वासन मिला है। नए कर्मचारियों के काम संभालने से कर्मचारियों की कमी को दूर कर दिया जाएगा। डीआरएम ने जम्मू-जालंधर रेलवे सेक्शन में ट्रैक डबलिंग पर कहा कि कठुआ-लखनपुर के बीच ट्रैक डबलिंग के लिए आ रही दिक्कतों को दूर कर दिया गया है। अब ट्रैक डबल हो जाएगा, जिससे ट्रेनों की गति बढ़ेगी और बिना कारण ट्रेनों को बीच में रोका नहीं जाएगा।