Indian Railways News => Topic started by Mafia on Aug 03, 2012 - 03:00:43 AM


Title - चहुंओर बिजली-पानी को मचा रहा हाहाकार
Posted by : Mafia on Aug 03, 2012 - 03:00:43 AM

-ट्रेनें विलंबित तो सड़कों पर पसर गया अंधकार के साथ सन्नाटा
-दिन भर लोग उबल गए गर्मी में
-रात नौ बजे से शुरू हुआ टुकड़ों टुकड़ों में बिजली का आना-जाना
****************
वाराणसी : दूसरे दिन मंगलवार को अपराहृन एक बजे भी उत्तरी ग्रिड फेल हो जाने के कारण बनारस में बिजली-पानी के लिए हाहाकार मच गया। रात लगभग नौ बजे तक शहर में अंधेरा ही अंधेरा रहा। इसके बाद लखनऊ कन्ट्रोल के आदेश पर लेढ़ूपुर व कैंट उपकेंद्रों को 25-25 मेगावाट बिजली आपूर्ति करने की इजाजत दी गई। यह मौखिक आदेश भी साथ में नत्थी था कि बस, फिलहाल इतनी ही बिजली से शहर को संतुष्ट करें अर्थात आधा घंटा इस क्षेत्र में तो आधा घंटा उस क्षेत्र में। वैसे इस शहर की मांग है लगभग 400 मेगावाट लिहाजा सारी रात इसकी टोपी उसके सिर और उसकी टोपी इसके सिर वाले अंदाज में मोहल्लों को फीडर वार बिजली दी जाती रही, आना जाना लगा रहा। बहरहाल, ग्रिड फेल होने के चलते पारेषण व विद्युत वितरण से जुड़े इंजीनियर हाथ पर हाथ धरे 400, 220 व 132केवी उपकेंद्रों में बैठे रहे। रेल सेवा भी ठप हो गई। कैंट स्टेशन पर शाम को आने वाली गाड़ियां रात तक नहीं आई। इससे यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। शहर में सायंकाल की जलापूर्ति भी ठप हो गई। पेयजल के लिए हर क्षेत्र में हाहाकार मचा रहा। सभी की जुबान पर एक ही सवाल था, कब आएगी बिजली। यह भी चर्चा होने लगी कि रात में बिजली आएगी या नहीं। मंडलीय व जिला अस्पताल समेत सरसुंदर अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा। यहां की इमरजेंसी सेवाएं भी प्रभावित हुई। वार्डो में भर्ती मरीजों का गर्मी से बुरा हाल रहा। सेलफोन सेवा प्रभावित : बिजली के गुल होने से बीएसएनएल समेत निजी सेल्यूलर फोन की सेवाएं भी प्रभावित हुई। कई बीटीएस की बैटरियां खराब व जेनरेटर बंद होने से सेलफोन का नेटवर्क व्यस्त हो गया। इस स्थिति में लोग अपनों का हाल जानने के लिए कॉल करते रहे लेकिन बात नहीं हो सकी। बीएचयू व डीरेका में वर्षो बाद अंधेरा : बिजली संकट के दौर में भी 24 घंटे सप्लाई वाले क्षेत्र बीएचयू, डीरेका, कबीरचौरा मंडलीय व पं. दीनदयाल अस्पताल, छावनी, कचहरी परिसर देर रात तक अंधेरे में डूबे रहे। आवश्यक सेवाएं जेनरेटर के माध्यम से चालू रखीं गई। हाईडिल की भी बिजली गुल भिखारीपुर स्थित हाईडिल कॉलोनी में बिजली नहीं काटी जाती। यह पहला मौका रहा जब इस कॉलोनी में बिजली गुल रही। अखबार के दफ्तरों में आए टेलीफोन आम लोग जब सबस्टेशनों व इंजीनियरों को टेलीफोन करते करते थक गए, उनकी ओर से कोई जबाव नहीं मिला तब लोगों ने अखबार के दफ्तरों में फोन कर बिजली के बारे में पूछताछ की। ग्रामीण भी बेहाल : जनपद से जुड़े अंचल में भी बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। कई सबस्टेशनों पर किसानों ने हंगामा किया। सेवापुरी, मिर्जामुदाद, रोहनिया, पिंडरा, बड़ागांव, बाबतपुर, हरहुआ, चोलापुर, दानगंज, चिरईगांव, चौबेपुर प्रतिनिधियों के अनुसार 24 घंटे में एक घंटे भी बिजली नहीं मिली। कल-कारखाने भी बंद : सोमवार की तरह मंगलवार को भी चांदपुर व रामनगर क्षेत्र स्थित कल-कारखाने बिजली गुल होने से बंद रहे। देर रात तक लोग सप्लाई बहाल होने का इंतजार करते रहे।