Indian Railways News => Topic started by Mafia on May 12, 2013 - 12:01:12 PM


Title - ट्रेन आते ही पानी के लिए लग जाती है लाइन
Posted by : Mafia on May 12, 2013 - 12:01:12 PM

जागरण संवाददाता,मथुरा: जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रूकते ही पीने के पानी के लिए यात्रियों की लम्बी कतारें लग जाती हैं। ट्रेन चली न जाए इसलिए यात्री बोतल नहीं भर पाते हैं। प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर ट्रेनों का लोड अधिक होने से यात्रियों के लिए पानी की समस्या भी बढ़ गयी है।
जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कुल 11 वाटर कूलर लगे हैं। प्लेटफार्म नंबर एक पर तीन वाटर कूलर हैं। लेकिन इस प्लेटफार्म पर ट्रेनों का आवागमन न होने के कारण यह बंद रहते हैं। प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर पांच वाटर कूलर लगे हैं। लेकिन इन प्लेटफार्म पर ट्रेनों की संख्या अधिक होने के कारण पानी की पूर्ति नहीं कर पा रहे। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री अपना गला तर करते हैं। प्लेटफार्म पर ट्रेन के पहुंचते ही पानी के लिए लम्बी-लम्बी कतारें लग जाती हैं। हर यात्री को पानी भरने की जल्दबाजी रहती है। नलों पर भीड़ होने के कारण ट्रेन के यात्री बोतल नहीं भर पाते हैं।
पीआरओ भूपेंदर ढिल्लन ने बताया कि रेलवे यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मुहैया कराने का प्रयास करती है। यात्रियों को पेयजल की समस्या नहीं होने दी जाएगी।