Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on May 05, 2013 - 12:00:22 PM


Title - दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर लगे हूटर
Posted by : puneetmafia on May 05, 2013 - 12:00:22 PM

जागरण संवाद केंद्र, यमुनानगर : दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे के सिग्नल डिपार्टमेंट की ओर से अब हूटर लगा दिया गया है। हूटर रेलवे क्रॉसिंग के बाहर सिग्नल के खंभे पर उपर की ओर लगाया गया है। रेलवे क्रासिंग का फाटक जब बंद किया जाता है और बैरियर नीचे होने लगते हैं तो हूटर से जोर का सायरन बजता है जो वातावरण में चारों सुनाई देता है। इससे रेलवे क्रासिंग से गुजरने वाले लोग चौकन्ने हो जाते हैं। इससे पता चल जाता है कि रेलवे क्रॉसिंग से कोई ट्रेन गुजरने वाली है। साथ ही जो लोग रेलवे क्रासिंग से गुजर रहे होते हैं वह क्रासिंग पर लगे बैरियर से चोटिल होने से बच जाते हैं। लोग सायरन सुनते ही सजग होकर जल्दी से अपना वाहन व खुद रेलवे क्रासिंग के बाहर चले जाते हैं। इससे रेलवे क्रासिंग पर होने वाली आकस्मिक दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी। हूटर रेलवे विभाग द्वारा कुछ समयपूर्व ही लगाया गया है। इसका उद्देश्य रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वाली जनता को क्रासिंग से बाहर रोकने व सुरक्षित यात्रा करने के लिए लगाया गया है। हूटर जगाधरी रेलवे स्टेशन के अंडर में आने वाले पांसरा स्थित रेलवे क्रासिंग, पुल के पास स्थित रेलवे क्रासिंग व हमीदा फाटक स्थित रेलवे क्रासिंग पर लगाया गया है। पुराना हमीदा के व रादौर रोड के विनोद, राकेश, रमन, अशोक, अवतार सिंह, सुरेंद्र, मोहम्मद इकबाल, यूनूस परवेज, इस्लाम, यूसुफ, शमीम मकबूल अहमद ने कहा कि रेलवे क्रासिंग पर हूटर लग गया तो इससे दुघर्टनाओं पर रोकथाम लगेगी। हूटर का सायरन बजते ही लोग अपना वाहन क्रासिंग से बाहर रोक लेंगे। जो लोग रेलवे ट्रैक पार कर रहे होंगे वह भी अपना वाहन बैरियर बंद होने से पूर्व ही बाहर लेकर चले जाएंगे। लोगों को बैरियर के बंद होने का पता चलेगा। ट्रेन आने के समय लोग रेलवे क्रासिंग नहीं पार करेंगे। दुर्घटनाओं के मद्देनजर लगाया गया है हूटर : राकेश : इस बारे में जगाधरी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक राकेश शर्मा ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर हूटर कुछ समय पूर्व ही लगाए गए हैं। इसे रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाले दुर्घटनाओं के मद्देनजर लगाया गया है। जगाधरी रेलवे स्टेशन के अंतर्गत आने वाले सभी क्रॉसिंग पर हूटर लगाया गया है।