Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Apr 28, 2013 - 15:00:10 PM


Title - देर से पहुंचीं ट्रेनें, मुसाफिर हलकान
Posted by : nikhilndls on Apr 28, 2013 - 15:00:10 PM

इलाहाबाद : फफूंद रेलवे स्टेशन पर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की एक बोगी के चार पहियों के पटरी से उतर जाने का प्रभाव ट्रेनों के समय पालन पर पड़ा। दर्जनों ट्रेनें अपने गंतव्य स्टेशनों पर तय समय से विलंब से पहुंचीं जिससे इनमें सफर कर रहे और स्टेशनों पर इंतजार कर रहे मुसाफिरों को परेशानी उठानी पड़ी। विलंब से चलने वाली ट्रेनों में दिल्ली से आ रही प्रयागराज, गरीब रथ, पूर्वा, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आदि शामिल हैं।

शुक्रवार की रात फफूंद रेलवे स्टेशन पर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के एस-10 कोच के चार पहिए ट्रैक से उतर गए। इससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। हालांकि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हादसा तब हुआ जब ट्रेन मेन लाइन से लूप लाइन पर जा रही थी। हादसे के चलते डाउन लाइन का ट्रैक भी बाधित हो गया जिससे दर्जनों ट्रेनें लेट हो गईं। शुक्रवार की रात दस बजे के लगभग हुई दुर्घटना के बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत से स्थिति सामान्य हो सकी। इसके चलते डाउन लाइन में दिल्ली से लेकर इटावा तक ट्रेनों की कतार लग गई। जगह-जगह ट्रेनों को रोका गया। स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनों को कॉशन देकर रवाना किया गया। इससे इलाहाबाद होकर जाने वाली मगध दो घंटे, पटना गरीब रथ छह घंटे, अजमेर सियालदाह सवा चार घंटे, पूर्वा तीन घंटे, पुरुषोत्तम ढाई घंटे, ब्रह्मपुत्र ढाई घंटे, शिवगंगा साढ़े तीन घंटे, झारखंड सवा पांच घंटे, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दो घंटे, रीवा एक्सप्रेस पौने दो घंटे, प्रयागराज सवा घंटे, संगम साढ़े तीन घंटे, ऊंचाहार साढ़े पांच घंटे, लालकिला एक्सप्रेस तीन घंटे विलंब से जंक्शन पर पहुंचीं।