Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 18, 2013 - 12:00:03 PM


Title - पटरी से उतरे मालगाड़ी के आठ डिब्बे, रेल संचालन बाधित
Posted by : puneetmafia on Aug 18, 2013 - 12:00:03 PM

धनबाद से कोयला देकर अयोध्या आ रही मालगाड़ी के आठ डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। यह हादसा फैजाबाद-वाराणसी रेल प्रखंड पर शनिवार की दोपहर को हुआ। हादसे के बाद इस रूट पर रेल यातायात ठप हो गया। एक माह के भीतर ट्रेन बेपटरी होने की यह दूसरी घटना है गए। मंडल रेल प्रबंधक जगदीप राय ने मौके पर पहुंच कर घटना के बावत जानकारी हासिल की। इस बड़ हादसे को लेकर कोई भी अधिकारी अभी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फरक्का सहित आधा दर्जन ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया गया, जिससे फरक्का सहित आधा दर्जन ट्रेनें फैजाबाद जंक्शन नहीं पहुंच सकी। इसी बीच यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
संवादसूत्र मयाबाजार के अनुसार धनबाद से कोयला लेकर अयोध्या आ रही मालगाड़ी के आठ डिब्बे अलनाभारी रेलवे स्टेशन पार करते ही पटरी से उतर गए। बताते हैं कि मालगाड़ी के पीछे का एक डिब्बा उतरते ही भयंकर आवाज के साथ एक-एक करके आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की भीषण गूंज सुनते ही आस-पास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो डिब्बे जमीन से रगड़ते हुए खींचते चले गए, जिससे जमीन पर तीन से चार फिट तक गहरे गड्ढे हो गए। बेपटरी होने से बचे शेष डिब्बों को इंजन लगाकर अयोध्या ले जाया गया। दुर्घटना राहत यान लेकर पहुंचे रेलवे के संरक्षा एवं वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने ट्रेन को पटरी पर लाने का प्रयास शुरू कर दिया है। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जाता है कि मालगाड़ी का एक डिब्बा खाली था, जिसके चलते अचानक झटका लगने पर डिब्बा बेपटरी होने की बात भी सामने आई है लेकिन मौके पर मौजूद एक भी उच्चाधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की। करीब दस घंटे बाद रेलवे यातयात सामान्य होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हादसे के चलते फरक्का एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, मथुरा-पटना एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस फैजाबाद नहीं आ सकीं। साबरमती व सियालदाह एक्सप्रेस को वाया सुल्तानपुर फैजाबाद लाया गया। वाराणसी-लखनऊ पैसेंजर गोसाईगंज व लखनऊ-वाराणसी पैसेंजर फैजाबाद तक ही आ सकीं।