Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Aug 06, 2012 - 00:21:16 AM


Title - पुणे ब्लास्ट के बाद अंबाला में अलर्ट
Posted by : riteshexpert on Aug 06, 2012 - 00:21:16 AM

अंबाला। पुणे में हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद स्वतंत्रता दिवस को लेकर ट्विनसिटी में भी पुलिस ने अलर्ट घोषित कर दिया है। राष्ट्रीय पर्व पर सुरक्षा को लेकर सीआईडी की नजर असामाजिक गतिविधियों पर है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने को जहां बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं यह टीम लोगों को संदिग्ध गतिविधियों के प्रति जागरूक भी कर रही है। यह टीम 15 अगस्त तक ट्विनसिटी के सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों व कार्यालयों को खंगालेगी और लोगों को भी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह देगी।बता दें कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासन सुरक्षा के इंतजाम को लेकर किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है। इसी को लेकर सीआईडी को भी खास दिशा निर्देश दिए गए हैं। सीआईडी के नौ अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम, जिनमें दो स्निफर डॉग भी शामिल हैं, को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम के यह सदस्य रोजाना ही ट्विन सिटी के हर महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान को एक-एक कर चेक करेंगे। साथ ही यह टीम लोगाें को बताएगी कि कैसे असामाजिक तत्व अपनी गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं और कैसे इनसे सतर्क रहना है। इस टीम को रूट चार्ट सौंप दिया गया है।शहर में हुई चेकिंग टीम ने वीरवार को अंबाला शहर के जूडीशियल कांप्लेक्स, सिविल अस्पताल, मिशन अस्पताल, बस स्टैंड, गलैक्सी मॉल में चेकिंग की। इस दौरान बम निरोधक दस्ते की टीम अपनी मशीनों से लैस होकर पहुंची और प्रतिष्ठानों के सारे हिस्सों को चेक किया।
कैसे संवेदनशील है अंबाला ट्विन सिटी सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील है। यहां पर जहां विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन है, जहां से करीब सवा दौ सौ गाड़ियां गुजरती हैं। इसी तरह इंडियन ऑयल डिपो है, जहां से पूरे उत्तर भारत को ईंधन सप्लाई होती है। यहीं से सेना को भी ईंधन की आपूर्ति की जाती है। सेना की टू-कोर भी अंबाला छावनी में ही तैनात है। एयरफोर्स की 7 विंग भी अंबाला छावनी में ही है।

इनसेट

कौन से संवेदनशील मामले सामने आए हैं * छावनी रेलवे स्टेशन की कार पार्किंग से 12 अक्तूबर 2011 को भारी मात्रा में आरडीएक्स, डेटोनेटर, टाइमर मिल चुका है * छावनी के बस स्टैंड को वर्ष 2008 में बम से उड़ाने की धमकी मिली थी * शहर की चौकी नंबर चार के बाहर आतंकियों ने बम विस्फोट किया था * छावनी के सेना क्षेत्र में सीएसडी कैंटीन के पास आतंकियों ने बम विस्फोट किया था * अंबाला में हरियाणा के एक पूर्व मुख्यमंत्री को बम से उड़ाने की साजिश का पर्दाफाश हुआ था * छावनी रेलवे स्टेशन की एक ट्रेन में आतंकियों के खबर के बाद पूरी रात आरपीएफ और जीआरपी ने सर्च आपरेशन चलाया था * अंबाला छावनी में ही झेलम एक्सप्रेस ट्रेन में बम विस्फोट हो चुका है --------------------------- ‘स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा को लेकर बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम तैयार की गई है। यह टीम ट्विन सिटी के हर उस स्थल का निरीक्षण करेगी, जहां पर सुरक्षा को लेकर खतरा है। साथ ही टीम लोगों को सुरक्षा व संदिग्ध गतिविधियों के प्रति जागरूक भी करेगी। यह कार्रवाई पंद्रह अगस्त तक लगातार जारी रहेगी।’ - एसआई रमेश कुमार, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम लीडर, सीआईडी अंबाला, हरियाणा