Indian Railways News => Topic started by sushil on Apr 26, 2013 - 18:00:25 PM


Title - बंद कूलर के कारण डिप्टी एसएस पर गिरी गाज
Posted by : sushil on Apr 26, 2013 - 18:00:25 PM

Jhansi | अंतिम अपडेट 25 अप्रैल 2013 2:40 PM IST पर
झांसी। रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर (कैटरिंग एंड टूरिज्म) सत्यप्रकाश ने बुधवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान आरक्षण कार्यालय में उन्हें कूलर बंद मिला। इसे लापरवाही मानते हुए उन्होंने डिप्टी एसएस वाणिज्य को निलंबित कर दिया।
उन्होंने निरीक्षण की शुरुआत भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम द्वारा संचालित यात्री भोजनालय की शिकायत एवं सुझाव पुस्तिका व रेट लिस्ट देखकर की। बेस किचन में चल रहे नवीनीकरण कार्य पर इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। लॉ फास्ट फूड प्लाजा में पैकिंग व बर्तन धोने के स्थान को देखा। सफेद रंग से लिखी रेट लिस्ट व उस पर सफेद रोशनी जलने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे दूर से रेट नहीं दिखते हैं, सूची का रंग बदला जाए। इसके बाद उन्होंने डीआरएम कार्यालय पहुंचकर मंडल रेल प्रबंधक नवीन चोपड़ा से मुलाकात की। तत्पश्चात वह दुबारा निरीक्षण के लिए स्टेशन पर पहुंच गए। बुकिंग हाल की खिड़की नंबर एक पर काम कम देख उन्होंने लोड बढ़ाने को कहा। इसके बाद एसी व सामान्य प्रतीक्षालय की व्यवस्थाएं देखी। आरक्षण कार्यालय में पानी नहीं होने के कारण बंद कूलर के कारण हो रहे सफोकेशन पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसके लिए डिप्टी एस एस वाणिज्य को जिम्मेदार माना। उन्होंने सीनियर डीसीएम को निर्देश दिया कि तत्काल प्रभाव से इस लापरवाही के लिए डिप्टी एस एस वाणिज्य को निलंबित करें। उन्होंने आरक्षण कार्यालय की खिड़की नंबर तीन पर बात करने के लिए कांच में होल बनाने व खिड़कियों पर पांच के सिक्कों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए, ताकि पांच के नोटों की वजह से विवाद की स्थिति न बने। उन्होंने अफसरों को कहा कि वे यात्री सुविधाओं का खास ध्यान रखें।
निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम राजेश कुमार, डीईएन टी आर दोहरे, एसीएम रवि प्रकाश, नीरज भटनागर, एईएन हैडक्वार्टर पी के शर्मा, स्टेशन प्रबंधक एस के गौतम, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पी के जैन, मंडल वाणिज्य निरीक्षक वी के पटैरिया, खानपान निरीक्षक इब्राहिम खान आदि मौजूद थे।


... तो हर दिन निलंबित होंगे डिप्टी एसएस
झांसी। नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन के मंडल सचिव आर एन यादव ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर डिप्टी एस एस वाणिज्य की अहम भूमिका होती है। ट्रेन में यात्रियों को होने वाली परेशानी, ट्रेन लेट होने पर टिकट निरस्तीकरण की संस्तुति, तीन घंटे से अधिक ट्रेन लेट होने पर यात्रियों को दूसरी ट्रेनों में परमिट करना, घायल व मरने वाले यात्रियों को सही जगह तक पहुंचाने के लिए आरपीएफ- जीआरपी के संपर्क में रहना, बुकिंग, पूछताछ, आरक्षण, टिकट चेकिंग कर्मियों की स्थिति नोट करना, पेयजल, ट्यूब लाइट आदि की जानकारी रखना आदि कई महत्वपूर्ण कार्यों का निस्तारण उन्हें करना पड़ता है। गर्मियों में स्टेशन के अलग अलग विभागों में पचास से अधिक कूलर लगाए जाते हैं, इनमें अधिकांश किसी न किसी कारण से बंद रहते हैं। ऐसे में डिप्टी एस एस वाणिज्य हर दिन निलंबित होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई कर्मचारियों व अधिकारियों के मनोबल को गिराने वाला है। यूनियन के मान्यता चुनाव के बाद इस मामले पर उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी।