Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Aug 23, 2013 - 09:00:21 AM


Title - बर्निग ट्रेन बनने से बची जनता एक्सप्रेस
Posted by : AllIsWell on Aug 23, 2013 - 09:00:21 AM

दिल्ली- सहारनपुर रेल मार्ग पर कांधला रेलवे स्टेशन के निकट जनता एक्सप्रेस बर्निग ट्रेन बनने से बाल-बाल बची। पटरी पर दौड़ रही जनता एक्सप्रेस ट्रेन के पहिए में ब्रेक का घर्षण होने के कारण दो डिब्बों के बीच आग लग गई। ट्रेन के नीचे आग की लपटें देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। कांधला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों ने पानी डालकर आग बुझाई। बाद में दस मिनट देरी से चेकिंग के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर जनता एक्सप्रेस ट्रेन का कांधला रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का समय रात आठ बजे का है। यात्रियों के मुताबिक गुरुवार को कांधला रेलवे स्टेशन से एक किमी पहले पटरी पर दौड़ रही जनता एक्सप्रेस ट्रेन के दूसरे व तीसरे डिब्बे के बीच आग की लपटें उठने लगी। यात्रियों ने आग की लपटों को देखा, तो डिब्बे में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और महिलाओं व बच्चों में चीख-पुकार मच गई। अनहोनी की आशंका के चलते सभी यात्री पिछले डिब्बे में पहुंच गए। यात्रियों ने चेन पुलिंग करने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन नहीं रुकी और नीचे से आग की लपटें बढ़ती चली गई। ट्रेन जैसे ही कांधला स्टेशन पर रुकी, तो यात्रियों ने उतरकर आग पर काबू पाने की कोशिश की और ट्रेन चालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद यात्रियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी डालकर आग को बुझाया। यात्री वरुण, दीपक, अमित और हरेंद्र के अनुसार ट्रेन को चेकिंग के बाद ही आगे रवाना किया गया। इस कारण ट्रेन करीब दस मिनट लेट हो गई। शामली रेलवे स्टेशन मास्टर विक्रांत ने बताया कि कांधला रेलवे स्टेशन के करीब जनता एक्सप्रेस ट्रेन के पहिए में ब्रेक शू का घर्षण होने के कारण आग लग गई थी, जिस कारण ट्रेन करीब दस मिनट देरी से आगे रवाना किया गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।