Indian Railways News => Topic started by greatindian on Aug 24, 2013 - 23:57:49 PM


Title - भागलपुर से जम्मू के लिए रवाना हुई अमरनाथ एक्स.
Posted by : greatindian on Aug 24, 2013 - 23:57:49 PM

15097 अप भागलपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस गुरुवार की रात 8.30 बजे भागलपुर के प्लेटफॉर्म नंबर एक से जम्मू के लिए रवाना हुई। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भागलपुर के सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व सदर विधायक अश्रि्वनी कुमार चौबे ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान विधान पार्षद मनोज यादव व मालदा रेल मंडल के डीआरएम रवींद्र गुप्ता भी मौजूद थे। उद्घाटन समारोह के कारण गुरुवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय से तीन घंटा 20 मिनट पहले रवाना हुई। 29 अगस्त से अमरनाथ एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को अपने तय समय रात 11.50 बजे भागलपुर से चलेगी।शाहनवाज ने कहा, जम्मू से भागलपुर को जोड़ने का काम पूरा हो गया है। जम्मू स्टेशन में भागलपुर का नाम भी दर्ज हो गया है। 24 कोच की इस ट्रेन के चलने से भागलपुर के लोग सीधे वैष्णो देवी के दर्शन को जा सकेंगे। इसके पहले यहां के लोगों को वाया दिल्ली वैष्णो देवी के दर्शन के जाना पड़ता था। उन्होंने कहा, इस ट्रेन से भागलपुर के लोग छपरा, सिवान, गोरखपुर, लखनऊ भी सीधे जा सकते हैं। यहां के लोगों का जुड़ाव इन जगहों से है। लोग गोरखनाथ के दर्शन को भी जा सकेंगे।

सांसद ने कहा, जिस समय अजमेर के लिए ट्रेन चली थी, उसी समय जम्मू के लिए ट्रेन चलाने की मांग भागलपुर की जनता ने की थी। उनकी मांग पूरी कर दी गई है। डीआरएम रवींद्र गुप्ता की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, वर्तमान समय में भागलपुर स्टेशन की तस्वीर बदल गई है। यहां सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, अभी अमरनाथ एक्सप्रेस साप्ताहिक है। अगली सरकार भाजपा की बनेगी, तब यह ट्रेन प्रतिदिन चलेगी। उन्होंने कहा, भागलपुर में डीआरएम कार्यालय भी बनेगा। उसके लिए संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने रेलवे को भागलपुर के लोगों के साथ भेदभाव नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा, जितनी भी बोगियां खराब रहती हैं उन्हें मालदा रेल मंडल को सौंप दिया जाता है। ऐसा नहीं होना चाहिए। जनता को होने वाले कष्ट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विधान पार्षद मनोज यादव ने बांका से नई दिल्ली के बीच ट्रेन चलाने व बांका-राजेंद्रनगर इंटरसिटी में एसी टू लगाने की मांग डीआरएम से की। डीआरएम रवींद्र गुप्ता ने कहा, भागलपुर से चलने वाली गाड़ियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मालदा रेल मंडल का भागलपुर पर विशेष ध्यान है। संसाधनों की कमी के बावजूद सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा, सांसद शाहनवाज हुसैन के प्रयास से भागलपुर से अमरनाथ एक्सप्रेस की सेवा शुरू हो सकी है। यह ट्रेन 1790 किलोमीटर की दूरी 37 घंटों में तय करेगी। इस दौरान कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन वरीय डीसीएम ने किया।