Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Apr 28, 2013 - 09:00:21 AM


Title - भारत दर्शन ट्रेन में पानी को तरसे श्रद्धालु
Posted by : RailXpert on Apr 28, 2013 - 09:00:21 AM

जागरण संवाददाता, बरेली : भारत दर्शन ट्रेन में सफर कर रहे श्रद्धालु शुक्रवार रात से ही पानी के लिए तरस गए। महाराष्ट्र के मनमाड़ जंक्शन पर काफी हंगामा भी हुआ लेकिन स्टेशन प्रबंधक ने पानी देने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद औरंगाबाद स्टेशन पर उन लोगों टॉयलेट जाने के लिए पानी भरा।
गौरतलब है कि 20 अप्रैल को भाजपा नेता गुलशन आनंद समेत शहर के 56 लोग भारत दर्शन ट्रेन के जरिए देश के भ्रमण पर निकले हैं। गुलशन आनंद ने बताया कि इंदौर, उज्जैन, सोमनाथ, द्वारिका होते हुए शुक्रवार रात तीन बजे उनकी गाड़ी महाराष्ट्र के मनमाड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उनकी ट्रेन में पानी खत्म हो गया था। श्रद्धालु पानी न होने के कारण टॉयलेट तक जाने को परेशान थे। इसके बाद मनमाड़ रेलवे स्टेशन पर जब ट्रेन को पानी भरने को लगाया गया तो पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। इस ट्रेन के स्टाफ ने पानी की मांग की तो जवाब मिला, पानी नहीं मिलेगा। इस पर वे लोग स्टेशन प्रबंधक के पास पहुंचे तो उन्होंने साफ कह दिया कि हमारी ट्रेनों के लिए पानी नहीं है, तुम्हें कहां से दें? इसको लेकर उन लोगों के बीच काफी नोंकझोंक हुई और फिर आरपीएफ भी आ गई लेकिन पानी नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन वहां से चल पड़ी और शनिवार सुबह पांच बजे औरंगाबाद पहुंची लेकिन पानी वहां भी नहीं मिला। इस पर यात्रियों ने टॉयलेट जाने के लिए पीने के पानी की टंकियों से पानी भरा।
नहीं ठीक हुए पंखे
गुलशन आनंद ने बताया कि 20 अप्रैल को जब ट्रेन बरेली से चली थी तो उस समय कई पंखे खराब थे। इसकी शिकायत भी गई लेकिन आज एक सप्ताह बीतने के बाद भी पंखे ठीक नहीं हुए हैं।