Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 26, 2013 - 12:00:12 PM


Title - मेट्रो की सुरक्षा में लगेंगे चार हजार अतिरिक्त जवान
Posted by : puneetmafia on Aug 26, 2013 - 12:00:12 PM

आतंकी संगठनों द्वारा आए दिन दिल्ली मेट्रो को निशाना बनाने की धमकी, प्रदर्शनकारियों व आपराधिक घटनाओं को देखते हुए मेट्रो की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के बेड़े में चार हजार अतिरिक्त जवान शामिल किए जाएंगे। इस संबंध में मई में सीआइएसएफ द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर विचार करने के बाद गृह मंत्रालय ने यह फैसला लिया है।
मेट्रो में सफर करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे उनकी सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के लिए जल्द ही सभी 134 स्टेशनों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में दो मुख्य स्टेशन सहित 90 मेट्रो स्टेशनों पर सीआइएसएफ कंट्रोल रूम हैं।
सीआइएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह के अनुसार, मेट्रो स्टेशनों पर मुख्य तौर पर सीआइएसएफ की तीन तरह की टीम काम करती है। किसी तरह की घटना होने पर क्विक रिएक्शन टीम को लगाया जाता है। अल्फा टीम भीड़भाड़ सहित मेट्रो में कार्रवाई करती है। वहीं बल का सबसे महत्वपूर्ण अंग इंटेलीजेंस विंग है। सादे कपड़े में स्टेशनों पर मौजूद जवान सभी यात्रियों पर पैनी नजर रखते हैं। उन्हें प्रोफाइल ट्रेनिंग दी गई है। वे चेहरे के हाव-भाव, पहनावे या बोलचाल से संदिग्ध की पहचान करने में सक्ष्म हैं। वर्तमान में मेट्रो में इस विंग में 100 जवान तैनात हैं। इसमें 25 महिला जवान हैं। इस विंग की चार टीमें हमेशा मेट्रो स्टेशन पर कार्यरत रहती हैं। मालूम हो कि लंदन मेट्रो में बम विस्फोट के बाद सन 2007 में दिल्ली मेट्रो में सीआइएसएफ के जवानों की तैनाती की गई थी। 1633 जवानों से शुरू हुए सीआइएसएफ के बेड़े में वर्तमान संख्या 4869 पहुंच गई है।