Indian Railways News => Topic started by RailXpert on May 06, 2013 - 15:00:03 PM


Title - यह रेलवे स्टेशन है या जॉगिंग पार्क - The railway station or jogging park
Posted by : RailXpert on May 06, 2013 - 15:00:03 PM

दिल्ली-रेवाड़ी रेल मार्ग के कई अहम व बडे़ स्टेशनों को लोग जॉगिंग के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। इस रूट के व्यस्ततम स्टेशनों पर सुबह 5 से 7 बजे तक बड़ी संख्या में लोग जॉगिंग करते हुए दिखाई देते हैं। यह लोग न तो प्लैटफॉर्म टिकट लेते हैं और न ही इन्हें स्टेशन से कोई ट्रेन पकड़नी होती है। इस समस्या को जानने के लिए रविवार सुबह गुड़गांव और पालम रेलवे स्टेशन का जायजा लिया पूनम गौड़ ने : गुड़गांव स्टेशन : एक्सरसाइज करते दिखे लोग

गुड़गांव स्टेशन के तीनों ही प्लैटफॉर्म पर चेकिंग की कोई व्यवस्था नहीं थी। करीब 20 से 30 लोग यहां जॉगिंग कर रहे थे। गुड़गांव स्टेशन पर सुबह की सैर पर आने वाले लोग स्टेशन पर जंपिंग एक्सरसाइज भी कर रहे थे। जीआरपी और आरपीएफ ऐसे लोगों को रोकने के लिए मौके पर मौजूद नहीं थी।

पालम स्टेशन : सैर और पशुओं को खाना खिलाते दिखे लोग

पालम स्टेशन पर भी यही नजारा रहा। इस स्टेशन पर तो लोग सुबह की सैर के साथ चिडि़यों को आटा, कौवों को दाना और गाय व कुत्तों को रोटी भी खिलाते दिखे। इसकी वजह से स्टेशन के आसपास हमेशा पशु घूमते रहते हैं और कई बार जानवरों के ट्रेन से कटने पर इंजन फेल भी हुए हैं। जॉगिंग करने वालों में पुरुष, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी होते हैं।

कई बार हुए हैं हादसे

[ जारी है ]

करीब दो महीने पहले एक बच्चा स्टेशन पर अपने परिजन के साथ घूमने आया था और बॉल खेलते हुए ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई थी। बिजवासन पर भी पिछले साल बाइक से ट्रैक पार करते हुए एक व्यक्ति की जान गई थी जिसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया था।

इन स्टेशनों पर है समस्या

इस रूट के गुड़गांव, पालम, पटौदी, पातली जैसे अहम स्टेशनों पर यह समस्या है।

पार्कों की कमी है वजह

इन रेलवे स्टेशनों के आसपास बड़ी संख्या में कॉलोनियां बनी हैं लेकिन यहां पार्कों की कमी है। इस वजह से लोग लाइनों को फांदते हुए जॉगिंग के लिए आते हैं। स्टेशन पर वह हल्की एक्सरसाइज भी करते हैं और फास्ट वॉक भी करते हैं।

लोगों को रेलवे स्टेशन पर आने से पहले प्लैटफॉर्म टिकट लेना ही चाहिए। इसके अलावा जॉगिंग के लिए रेलवे स्टेशन नहीं हैं। गुड़गांव व पालम जैसे व्यस्त स्टेशनों पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। चेकिंग स्टाफ को इस तरह के लोगों को स्टेशन पर आने से रोकने के लिए कहा जाएगा।