Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 04, 2012 - 06:00:18 AM


Title - राजधानी एक्सप्रेस के 10 पैंट्रीकर्मी फूड प्वायजनिंग के शिकार
Posted by : railgenie on Aug 04, 2012 - 06:00:18 AM

डाउन नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस के पेंट्री कार के 10 कर्मचारी गुरुवार को दूषित खाना खा कर अस्वस्थ हो गये. आसनसोल में ट्रेन रोक कर सभी का इलाज कराया गया. बाद में उनके स्वस्थ होने के बाद उन्हें हावड़ा भेज दिया गया. इसके कारण दस मिनट से अधिक समय तक ट्रेन आसनसोल स्टेशन पर रुकी रही.

रेल सूत्रों ने बताया कि डाउन नयी दिल्ली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस के धनबाद पहुंचने से पहले पेंट्री कार में कार्य करने वाले आइआरसीटीसी के पांच कर्मचारियों के पेट में दर्द के साथ दस्त व उल्टी होने लगी. तुरंत इसकी जानकारी धनबाद कंट्रोल को दी गयी. ट्रेन के धनबाद पहुंचते ही स्टेशन पर मौजूद चिकित्सकों ने उनका इलाज किया और ट्रेन आगे बढ. गयी. धनबाद से ट्रेन के खुलने के बाद फिर अन्य पांच कर्मियों की तबीयत बिगड़ गयी. अटेंडेंट ने इसकी सूचना आसनसोल कंट्रोल को दी. जानकारी मिलने के बाद आसनसोल रेल मंडल अस्पताल के सीएमएस डॉ बीएन माजी, सीनियर डीएमओ डॉ एस भट्टाचार्य, सीनियर डीएमओ डॉ असगर अली आदि टीम के साथ स्टेशन पर पहुंचे. ट्रेन 12:21 बजे आसनसोल स्टेशन के पांच नंबर प्लेटफार्म पर रुकी. स्टेशन पर उपस्थित चिकित्सकों की टीम ने सभी बीमार का इलाज कर उन्हें आवश्यक दवा दी और पांचों को यहां उतर कर इलाज कराने की सलाह दी, लेकिन उनलोगों ने कहा कि वे लोग चले जायेंगे. मौके पर स्टेशन मैनेजर गोपाल सिंह, डिप्टी स्टेशन मैनेजर मनोज तिवारी आदि भी उपस्थित थे. 10 मिनट बाद ट्रेन आगे रवाना हुई. ट्रेन सीएमएस डॉ माजी ने बताया कि उनलोगों को फूड प्वाइजनिंग हो गया था. संभवत: दूषित भोजन करने से ऐसा हुआ है. रात में उन्होंने बाहर खाना खाया था. इसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ी. बीमार कर्मियों में रविराम कर्मकार, राजीव कर्मकार, विश्‍वजीत राणा, भोला देवनाथ, आदित्य विश्‍वास, एसएन सरकार आदि शामिल थे.