Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 18, 2013 - 11:59:21 AM


Title - रेल लाइन निर्माण को लेकर उपायुक्त ने की बैठक
Posted by : eabhi200k on Aug 18, 2013 - 11:59:21 AM

सोनीपत से जींद वाया गोहाना नई रेलवे लाइन के निर्माण के लिए अधिग्रहण की गई भूमि के संबंध में उपायुक्त ने शनिवार को विकास सदन में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान अधिग्रहण की गई भूमि में आने जाने के लिए रास्ता, पुल-पुलिया, खेतों में सिंचाई के लिए नाले व नालियों के निर्माण के संबंध में रेलवे अधिकारियों, ग्रामीणों व प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक में विचार- विमर्श किया।
इस दौरान विभिन्न गावों के लोगों द्वारा 21 शिकायतें रखी गई, जिसमें आने जाने के लिए रास्ता बनवाना, सिंचाई के लिए नाला बनवाने सहित कई प्रकार की बातें रखी गई है। दरअसल सोनीपत-जींद रेलवे लाइन गाव गुढ़ा, गोहाना, लाठ, बिधल, भैंसवाल, तिहाड़, पिनाना, मोहाना, नैना तैतारपुर, करेवड़ी, खिज्रपुर जट माजरा, हुल्लाहेड़ी, बड़वासनी, ईशापुर खेड़ी, बुटाना सहित कई गावों से होकर गुजरेगी। इसके लिए ग्रामीणों ने रास्ते बनवाने व सिंचाई के लिए नाले बनवाने सहित कई मांगें उपायुक्त के सामने रखी। इस मौके पर उपायुक्त डा.चंद्रशेखर ने ग्रामीणों से कहा कि हर संभव मदद दी जाएगी। राज्य सरकार की तरफ से सिंचाई के लिए नाला व रास्ता देने का पूरा-पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर जगह से रास्ता देना संभव नहीं है। इसके लिए रेलवे लाइन के साथ-साथ रास्ता बनाया जाएगा। इसमें दो-तीन रास्तों को मिलाया जाएगा। हर जगह रेलवे फाटक बनाना संभव नहीं है। इसके लिए रेलवे लाइन के नीचे से रास्ता बनाने का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम सोनीपत विरेंद्र लाठर व एसडीएम गोहाना विवेक चौधरी को नूरनखेड़ा व खंदराई गावों की जगहों का निरीक्षण करने के आदेश दिए। इस अवसर पर डीआरओ सुरेश कुमार, बीडीपीओ सोनीपत रामफल सिंह, बीडीपीओ खरखौदा जितेंद्र शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।