Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jul 30, 2012 - 21:20:09 PM


Title - रेलकर्मी ने किया राजेश खन्ना का श्राद्ध
Posted by : irmafia on Jul 30, 2012 - 21:20:09 PM

- सुपरस्टार के निधन के बाद से अब तक ड्यूटी पर नहीं गया
- ईडेन गार्डेन में राजेश खन्ना से मिलाया था हाथ
**********
संबलपुर : फिल्म अभिनेता राजेश खन्ना के प्रति रेलकर्मी सेवाराम बाग को इस कदर लगाव है कि उन्होंने बाकायदा सिर मुंडवा कर सुपरस्टार का श्राद्धकर्म किया। स्थानीय स्टेशनपाड़ा में सेवाराम ने सुपरस्टार के श्राद्धकर्म का कार्यक्रम आयोजित किया और 11 ब्राह्माणों समेत मुहल्ले के लोगों को भोजन भी कराया। संबलपुर स्टेशन पर काम करने वाले सेवाराम बचपन से ही राजेश खन्ना के प्रशंसक रहे हैं। उन्होंने जागरण को बताया कि वे राजेश खन्ना की लगभग सभी फिल्मों को देख चुके हैं। फिल्म कटी पतंग में अपने चहेते अभिनेता की पोशाक को देखकर उन्होंने भी अपने लिए उसी तरह के कपड़े सिलाए थे। सेवाराम ने बताया कि सुपरस्टार के प्रति उनकी चाहत और दीवानगी में उन्हें परिवार का भी पूरा साथ मिला। करीब 25 वर्ष पूर्व उनको अपने चहेते अभिनेता से कोलकाता में मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन दिनों ईडेन गार्डेन में राजेश खन्ना के फिल्म की शूटिंग चल रही थी। विभागीय कार्य से कोलकाता पहुंचे सेवाराम, पुलिस की उपस्थिति के बावजूद राजेश खन्ना से हाथ मिलाने में सफल हुए थे। राजेश खन्ना को बड़ा भाई मानने वाले सेवाराम के बेटे बंटी ने बताया कि राजेश खन्ना के निधन के बाद पिताजी ड्यूटी छोड़कर घर आ गए और उन्होंने तीन दिन तक भोजन भी नहीं किया।