Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Aug 02, 2012 - 20:19:37 PM


Title - रेलवे क्षेत्र के विकास और आधुनिकीकरण के लिए भारत और बेल्जियम के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
Posted by : RailXpert on Aug 02, 2012 - 20:19:37 PM

भारत भ्रमण पर आए बेल्जियम के उपप्रधानमंत्री और विदेशी मामलों, विदेशी व्यापार और यूरोपीय मामलों के मंत्री श्री डीडियर रेंडर्स और भारत के रेलमंत्री श्री मुकुल राय ने आज दोनों देशों के रेलवे क्षेत्र के प्रभावी विकास और आधुनिकीकरण हेतु द्विपक्षीय समझौते के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। तत्कालीन रेलमंत्री ममता बनर्जी द्वारा देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को व्यापार, मनोरंजन और सामाजिक स्थल के भव्य केंद्रों के रूप में विकसित और आधुनिक बनाने के लिए तैयार किए गए विजन 2020 दस्तावेज के अनुपालन में भारतीय रेलवे ने कुछ स्टेशनों की अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित करने के लिए पहचान की है। यह समझौता ज्ञापन विशेष रूप से इस ओर ध्यान केंद्रित करेगा। इस अवसर पर बोलते हुए श्री मुकुल राय ने कहा कि इस ज्ञापन से रेलवे क्षेत्र के प्रभावी विकास और आधुनिकीकरण के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग के नए युग की शुरुआत होगी जिससे आपसी सलाह और सूचना सेवाओं के आदान-प्रदान से इस कार्य में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। बेल्जियम सरकार की दो कंपनियों को ऐतिहासिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनलों में बदलने में महारत हासिल है। उनका यह अनुभव भारत के लिए लाभदायक रहेगा। उन्होंने बताया कि दोनों देश विशेषज्ञों को शामिल कर परिचालन और कार्यदल बनाने पर भी सहमत हो गए हैं। वह इन कार्यदलों को तुरंत कार्य शुरू करने का निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि इस समझौता ज्ञापन से दोनों देशों के रेलवे क्षेत्र के मध्य सहयोग नई ऊंचाइयों पर पहुंच जाएगा।

श्री डीडियर रेंडर्स ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि भारतीय रेलवे का क्षेत्र वास्तव में बहुत प्रभावी है। भारत सरकार के दृष्टिकोण और महत्वकांक्षा को देखते हुए इस क्षेत्र में विकास और अवसर समान रूप से प्रभावी हैं। भारतीय रेलवे बेल्जियम की आर्थिक नीति का मुख्य क्षेत्र है। इस पहल से भारत में विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए बेल्जियम का सहयोग मिलना शुरू हो जाएगा। जो दीर्घकालीन भागीदारी के लिए लाभदायक रहेगा।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनय मित्तल ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि इस समझौता ज्ञापन से रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और उनके आसपास की जमीन के आधुनिकीकरण के संबंध में तकनीकी और प्रबंधकीय जानकारी के आदान-प्रदान से निर्माण के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत होगी। बेल्जियम की रेल कंपनियों के विशेष अनुभव से भारतीय रेलवे की प्रगति में सहायता मिलेगी और संयुक्त अनुसंधान और प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने में भी सहयोग प्राप्त होगा। रेल राज्यमंत्री श्री केएच मुनियप्पा भी इस अवसर पर मौजूद थे।