Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 02, 2012 - 21:00:37 PM


Title - रेलवे पर कायम रहा ब्लैक आउट का असर
Posted by : eabhi200k on Aug 02, 2012 - 21:00:37 PM

-- ट्रेनें चलीं पर विलंब से
***********************************
खड़गपुर (प.मेदिनीपुर) : ग्रिड में खराबी के फलस्वरूप पूरे देश में कायम ब्लैक आउट के दूसरे दिन दक्षिण-पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल अंतर्गत विभिन्न संभागों में ट्रेनों की आवाजाही शुरू तो हुई, लेकिन संकट का असर दूसरे दिन भी महकमे में कायम रहा। मंगलवार के घंटों ब्रेक डाउन के चलते बुधवार को अधिकांश ट्रेनें विलंबित रहीं। बताते चलें कि ग्रिड में खराबी के कारण मंगलवार अपराह्न से खड़गपुर मंडल के खड़गपुर-हावड़ा, खड़गपुर-टाटानगर आदि संभागों में ट्रेनों की आवाजाही ठप पड़ गई थी। इससे विभिन्न स्टेशनों पर हाहाकार मच गया था। समस्या का सबसे ज्यादा असर खड़गपुर-हावड़ा संभाग पर रहा, जहां अमूमन हर 3 मिनट पर एक ट्रेन गुजरती है। देर तक ट्रेनों की आवाजाही ठप रहने से संभाग में रेल यातायात अस्तव्यस्त बना रहा। मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि से ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ, लेकिन ट्रेनें विलंबित चलीं। खड़गपुर के मंडल रेल प्रबंधक राजीव कुमार कुलश्रेष्ठ ने बताया कि विद्युत समस्या से अस्तव्यस्त रेल यातायात को स्वाभाविक करने में कुछ समय लगना लाजिमी है, लेकिन जल्द ही स्थिति पूरी तरह से स्वाभाविक हो जाने की उम्मीद है।