Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 05, 2012 - 12:00:49 PM


Title - रेलवे स्वास्थ्य विभाग घर-घर से उठा रहा कचरा
Posted by : puneetmafia on Aug 05, 2012 - 12:00:49 PM

-- कूड़ेदान विहीन इलाकों में सफाई के लिए रेलवे ने तीन कॉलोनियों में शुरू किया अभियान
***********
खड़गपुर (प.मेदिनीपुर) : दक्षिण-पूर्व रेलवे अंतर्गत खड़गपुर स्थित एशिया की सबसे बड़ी रेल कॉलोनी में बेहतर साफ-सफाई के लिए रेलवे के स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब कॉलोनियों में घर-घर से कूड़ा-कचरा उठाने का निर्णय लिया गया है। विशेषकर कूड़ेदान विहीन इलाकों की तीन कॉलोनियों में रेल प्रशासन की ओर से यह अभियान शुरू किया गया है। चांदमारी अस्पताल के निकट रेल कॉलोनी, मथुराकाटी कॉलोनी व नई खोली के प्रिटिंग प्रेस कॉलोनी में रेल प्रशासन की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है। तीनों जगहों पर रेलवे के करीब एक हजार क्वार्टर हैं, जहां लगभग पांच हजार लोग निवास करते हैं। इन तीनों कॉलोनियों में कोई कूड़ेदान नहीं बनाया गया है, जिसके कारण घर-घर से ही कचरा उठा लिया जा रहा है। सफाई कर्मी ट्रॉली लेकर सुबह कॉलोनियों में घूमकर आवाज लगाते हैं, जिसके बाद लोग अपने घर का गारबेज ट्रॉली में लाकर जमा कर देते हैं। खड़गपुर रेलवे के स्वास्थ्य विभाग अधिकारी डॉ. अच्युत मंडल ने कहा कि तीनों कॉलोनियों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने तथा घर-घर से गारबेज संग्रह कर इसे निश्चित स्थान पर फेंकने का निर्देश सफाई कर्मियों को दिया गया है, ताकि कालोनियों में साफ सफाई की स्थिति बेहतर बनी रही। खड़गपुर रेलवे मुख्य अस्पताल के मुख्य स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. एसके मोहंती ने बताया कि कूड़ेदान विहीन तीन कालोनियों में घर-घर से कचरा उठाने से कालोनियों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक है।