Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 28, 2013 - 02:57:56 AM


Title - समस्याओं से घिरा दनकौर रेलवे स्टेशन - Surrounded by problems - Dnkaur railway station
Posted by : eabhi200k on Aug 28, 2013 - 02:57:56 AM

दनकौर

दनकौर रेलवे स्टेशन जिले का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन है। रोजाना यहां से हजारों की संख्या में लोग अलग-अलग जगह सफर करते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को यहां काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों की उदासीनता एवं लापरवाही के कारण स्टेशन का बुरा हाल है। पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने की वजह से लोगों को काफी तकलीफ होती है। वहीं, सफाई-सफाई और टॉयलेट बंद होने की वजह से लोगों इनका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।

रोजाना हजारोें लोग करते हैं सफर : उत्तर रेलवे के दिल्ली-हावड़ा रूट पर अजायबपुर और वैर के बीच स्थित दनकौर स्टेशन विभाग की उपेक्षा का शिकार है। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री वैर, चोला, सिकंदरपुर, खुर्जा, अलीगढ़, कमालपुर, डाबर, टुंडला, हाथरस, सासनी, मारीपत, बोडाकी, दादरी, गाजियाबाद, साहिबाबाद, विवेक विहार, दिल्ली और कानपुर के लिए ट्रेन पकड़ते हैं।

नहीं रुकती एक्सप्रेस ट्रेनेें : स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं होने की वजह से यात्रियों को पैसेंजर ट्रेनों का ही सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय लोग कई बार यहां एक्सप्रेस ट्रेनों को स्टॉपेज देने की मांग कर चुके हैं। इस संबंध में लोग सांसद सुरेंद्र नागर से भी मिले हैं, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई ध्यान नहीं दिया गया है।

खराब पड़े हैं हैंडपंप : यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। प्लेटफॉर्म पर लगाए गए हैंडपंप खराब पड़े हैं। इस वजह से लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।

बंद पड़े हैं शौचालय : यहां लोगों के लिए शौचालय तो बने हैं, लेकिन इनपर हमेशा ताला लटका रहता है। इस कारण लोगों को परेशानी होती है। खासकर महिलाओं को ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ती है।

[ जारी है ]

नहीं जलती लाइटें : रात के समय स्टेशन पर अंधेरा छा जाता है। यात्रियों का कहना है कि अंधेरा होने के बाद आए दिन यहां लोगों के साथ लूटपाट और चेन स्नैचिंग की घटनाएं होती रहती हैं। इसे लेकर लोग कई बार प्लेटफॉर्म पर लाइट की व्यवस्था करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।

क्या कहते हैं लोग

यहां बने शौचालयों पर हमेशा ताले लटकते रहते हैं। इस वजह से लोगों को काफी दिक्कत होती है। इसकी शिकायत कई बार स्टेशन मास्टर को की गई है , लेकिन कुछ नहीं हुआ। - नीतिश कुमार , स्टूडेंट

स्टेशन पर कहने को तो कई हैंडपंप लगे हुए हैं , लेकिन उनमें से कई हैंडपंप कुछ महीनों से खराब पडे़ हैं। जिसके चलते पीने के पानी की यहां समस्या बनी हुई है। - कांति भड़ाना

स्टेशन पर एक ही टिकट विंडो होने के चलते टिकट लेने में काफी परेशानी होती है। जिसकी कई बार रेलमंत्री से भी शिकायतें की जा चुकी हैं। - कपिल गौड़

स्टेशन पर रात के समय लाइटें भी नहीं जलती हैं , जिसके चलते यहां हमेशा अंधेरा छाया रहता है। इस वजह से आए दिन यहां लूटपाट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं घटती हैं। - नीरज नागर वर्जन

सभी समस्याओं की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। कुछ समस्याओं का जल्द निस्तारण हो जाएगा। - एचआर मीणा , स्टेशन मास्टर , द नकौर