Indian Railways News => Topic started by chotelal on Aug 23, 2013 - 23:58:06 PM


Title - सारनाथ में सेनाभर्ती युवकों का उत्पात, निशाने पर रही ट्रेन
Posted by : chotelal on Aug 23, 2013 - 23:58:06 PM

गोरखपुर-मंडुवाडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस से लौट रहे सेनाभर्ती युवकों ने बुधवार की आधी रात सारनाथ में जमकर उत्पात किया। उनके निशाने पर रेलवे ही रही। कारण इंटरसिटी सारनाथ में क्यों रोकी गई। युवकों ने बोगियों व केबिन पर पथराव किया जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। कई यात्रियों को चोटें भी आई। युवकों ने हिरामनपुर क्रासिंग का बूम भी तोड़ डाला। रेलकर्मियों ने घटना की सूचना आरपीएफ को दी लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। यातायात पुलिस ने संकट मोचन का काम किया अन्यथा बवाल बढ़ जाता।
स्थिति बेकाबू होते देख यातायात निरीक्षक एके सिंह ने सारनाथ थानाध्यक्ष जेएन तिवारी को सूचना दी। कुछ ही देर में फोर्स पहुंच गई। हल्का बल प्रयोग करके उपद्रवी युवकों को खदेड़ दिया गया।
रेलकर्मियों ने बताया कि रात 11:15 बजे मंडुवाडीह इंटरसिटी सारनाथ स्टेशन पहुंची और स्टापेज न होने के बावजूद प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी हो गई। वहीं वाराणसी सिटी स्टेशन पर खड़ी पवन एक्सप्रेस को सारनाथ होकर पास कराया जाने लगा। इस दौरान इंटरलॉकिंग सिस्टम खराब हो जाने से पवन एक्सप्रेस सिटी में ही खड़ी रह गई। तब तक दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली सुपरफास्ट स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस सारनाथ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर आ गई। इस दौरान डेढ़ घंटे बीत गए। ट्रेन को चलाने की मांग को लेकर इंटरसिटी में सवार युवक स्टेशन मास्टर कार्यालय में घुस गए और हंगामा करने लगे। ट्रेन व केबिन पर पथराव कर दिया।
..अंत तक नहीं पहुंची आरपीएफ
स्टेशन मास्टर सेनापति ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम की दी लेकिन सहायता के लिए आरपीएफ अंत तक नहीं पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सारनाथ पुलिस ने स्थिति को संभाला। इसके बाद रात 1:37 बजे इंटरसिटी वाराणसी के लिए रवाना की गई।