Indian Railways News => Topic started by messanger on Aug 29, 2013 - 15:01:04 PM


Title - सोनीपत कोच फैक्टरी के निर्माण पर खर्च होंगे 2200 करोड़ : अधीर
Posted by : messanger on Aug 29, 2013 - 15:01:04 PM

रेल राज्य मंत्री अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि सोनीपत में प्रस्तावित रेल कोच फैक्टरी के निर्माण पर 2200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी क्षमता सालाना एक हजार कोच बनाने की होगी, लेकिन शुरुआती दौर में हर वर्ष 400 कोच बनेंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन की सुरक्षा के लिए राज्य सरकारों का सहयोग जरूरी है।
कस्बे के रेलवे स्टेशन के समीप भूमिगत पुल का शिलान्यास करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा राज्य में रेलवे की सुविधाएं बढ़ाने के लिए पूरा सहयोग करते हैं। रेल कोच फैक्टरी बनाने के लिए उन्होंने करीब 400 एकड़ जमीन मुहैया कराई। प्रदेश सरकार इसी तरह से सहयोग करती रहेगी तो मिलकर काम करने में कोई मुश्किल नहीं आएगी। इससे प्रदेश में तेजी से रेलवे की सुविधाओं में इजाफा होगा।
उन्होंने कहा कि देश में ट्रेन के नीचे आने से मौत की घटनाएं दुखका विषय है। ऐसी दर्दनाक घटनाओं से विभाग भी आहत होता है, लेकिन इसमें रेलवे का कोई कसूर नहीं है। जनता को नियमों के विरुद्ध जाकर रेलवे ट्रैक पार नहीं करना चाहिए। ऐसा करना कानूनन जूर्म भी है। रेलवे देश में ट्रैक बिछा सकता है, गाड़ियां चला सकता है। सुविधाएं बढ़ाता है, लेकिन कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित राज्य की होती है।
उन्होंने कहा कि लोग रेलवे ट्रैक को पार नहीं करेँ, ओवरब्रिज से होकर जाएं। हर व्यक्ति की जान कीमती है और रेलवे मंत्रालय चाहता है कि राज्य इस मुद्दे पर सहयोग करें। छोटे स्टेशन पर भी सुरक्षा के इंतजाम करना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें राज्यों का सहयोग भी जरूरी है।